भाजपा 8 फरवरी को करेगी धन्यवाद, सम्मान व संकल्प सभा

आस्था ट्रेन बिहार के राम भक्तों को अयोध्या ले जाने के लिए हुआ शुरू
पटना। बिहार भाजपा 8 फरवरी को पटना के श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में धन्यवाद, सम्मान और संकल्प सभा कार्यक्रम का आयोजन करेगी। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद दिया जाएगा जबकि कार्यक्रम में बिहार सरकार में मंत्री बने सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा और प्रेम कुमार को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावे इस कार्यक्रम में 2024 में सभी 40 की 40 सीटें जीतने का संकल्प भी लिया जाएगा।
पटना प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री और पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी ने कार्यक्रम की पूरी जानकारी देते हुए कहा कि 8 फरवरी को धन्यवाद, सम्मान और संकल्प सभा कार्यक्रम करेगी। 9 फरवरी से भाजपा के 50 हजार से अधिक नेता और कार्यकर्ता प्रदेश के 45 हजार गांवों के मतदान केंद्रों पर 24 घंटे के प्रवास में रहेंगे और लोगों के बीच जाएंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री ने गरीब कल्याण के जो कार्य किए है, उसकी सतही जानकारी लेंगे और राम मंदिर के उद्घाटन के बाद तथा गरीब कल्याण योजना को लेकर किस तरह का वातावरण है, उसका पूरा फीडबैक लेंगे। इस बीच नेता और कार्यकर्ता बिहार के लोगों का अभिनंदन भी करेंगे, सम्मान भी करेंगे और उनका आशीर्वाद भी प्राप्त करेंगे।
श्री तिवारी ने 8 फरवरी को आयोजित कार्यक्रम के विषय में कहा कि धन्यवाद, सम्मान और संकल्प सभा कार्यक्रम में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जुटेंगे और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, दूसरे उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रेम कुमार का स्वागत और सम्मान किया जाएगा। इन तीनों मंत्रियों का अभिनंदन किया जाएगा। वहीं कार्यक्रम में प्रधानमंत्री को पूर्व मुख्यमंत्री कपूर्री ठाकुर को भारत रत्न देने के निर्णय लिए जाने और प्रभु श्री राम को भव्य मंदिर में स्थापित किए जाने को लेकर धन्यवाद दिया जाएगा। साथ ही भाजपा के करोड़ों कार्यकतार्ओं के प्रेरणास्रोत पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न देने के लिए प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद दिया जाएगा।
वहीं प्रदेश महामंत्री जगन्नाथ ठाकुर ने कहा कि आस्था ट्रेन प्रदेश के राम भक्तों को अयोध्या ले जाने के लिए शुरू हो गया है। अब तक यह ट्रेन कटिहार और भागलपुर से खुल चुकी है। 5 फरवरी को मुंगेर से एक ट्रेन खुलने वाली है। इसके अलावा 9 को बरौनी से, 12 को समस्तीपुर से और 19 को पटना से आस्था ट्रेन खुलने वाली है। उन्होंने कहा कि रामभक्तों की सुविधा व्यवस्था में भाजपा के कार्यकर्ता बिहार से लेकर अयोध्या तक लगे हुए हैं। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता सभी राम भक्तों का पांव पखारेंगे।





