बाबूलाल के नेतृत्व में झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ेगी भाजपा राज्य की वर्तमान सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार- शिवराज सिंह चौहान

बाबूलाल के नेतृत्व में झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ेगी भाजपा
राज्य की वर्तमान सरकार देश की सबसे भ्रष्ट सरकार- शिवराज सिंह चौहान
रांची: आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 की तैयारियों को लेकर झारखंड भाजपा ने रविवार को विधानसभा चुनाव प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और सह प्रभारी असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी,नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ समेत सभी सांसद और राज्य सभा सांसद ,विधायक, पूर्व सांसद,पूर्व विधायक समेत सभी पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि राज्य में आज के तारीख में जो सरकार चल रही है वह सबसे घटिया और भ्रष्ट सरकार है। इस सरकार में हर तरफ लूट है। खनिज की लूट, कोयले की लूट, ट्रांसफर पोस्टिंग में लूट ही लूट है। मंत्री से लेकर मुख्यमंत्री तक जेल में हैं। अब राज्य की जनता ने इस भ्रष्ट सरकार से मुक्ति का फैसला कर लिया है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता 2019 में झामुमो और महागठबंधन के लोकलुभावन लेकिन झूठे नारों के चक्कर में फंस गई थी, लेकिन आज स्थिति दूसरी है। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि राज्य में भाजपा और एनडीए ने लोकसभा चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन किया है और वह इसके लिए राज्य की जनता के साथ साथ भाजपा के कार्यकर्ताओं को धन्यवाद करने आएं हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में राज्य के 52 विधानसभा क्षेत्र में भाजपा आगे रही है। इससे साफ होता है कि अगला विधानसभा चुनाव जीत कर भाजपा सरकार बनाने जा रही है।





