भाजपा प्रवक्ता डॉ. के.के. शर्मा का कांग्रेस पर तीखा हमला: ओडिशा एनएसयूआई अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर राहुल गांधी की चुप्पी पर उठाए सवाल

भाजपा प्रवक्ता डॉ. के.के. शर्मा का कांग्रेस पर तीखा हमला: ओडिशा एनएसयूआई अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर राहुल गांधी की चुप्पी पर उठाए सवाल
नई दिल्ली, 21 जुलाई 2025 (सोमवार) – भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. के.के. शर्मा ने प्रेस वार्ता के दौरान ओडिशा में एनएसयूआई के अध्यक्ष उदित प्रधान की बलात्कार के आरोप में गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो राहुल गांधी महिला सशक्तिकरण और नारी अस्मिता की दुहाई देते हैं, वे अब चुप क्यों हैं, जब उनकी ही पार्टी से जुड़े छात्र संगठन का नेता एक छात्रा के यौन शोषण के मामले में गिरफ्तार हुआ है?
डॉ. शर्मा ने बताया कि भुवनेश्वर में इंजीनियरिंग की 19 वर्षीय छात्रा ने एनएसयूआई अध्यक्ष उदित प्रधान पर बलात्कार का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, छात्रा को जबरन शराब पिलाई गई और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। बाद में पीड़िता को धमकियां भी दी गईं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
डॉ. शर्मा ने कांग्रेस के दोहरे मापदंड पर सवाल उठाते हुए कहा, “कुछ ही दिन पहले कांग्रेस ने ओडिशा बंद का आह्वान किया था, जिसमें यही एनएसयूआई अध्यक्ष बढ़-चढ़कर बयानबाजी कर रहा था। आज जब वही व्यक्ति बलात्कार जैसे जघन्य अपराध में लिप्त पाया गया है, तो राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व मौन क्यों हैं? क्या यही है कांग्रेस का महिला सम्मान का मॉडल?”
उन्होंने यह भी कहा कि ओडिशा के बालासोर में हाल ही में एक बीएड छात्रा की आत्मदाह की घटना सामने आई है, जिसमें एनएसयूआई की संदिग्ध भूमिका बताई जा रही है। “क्या कांग्रेस पार्टी बताएगी कि उसके छात्र संगठन में इस प्रकार के अपराधी तत्व कैसे पनप रहे हैं? राहुल गांधी इस पर कब जवाब देंगे?” डॉ. शर्मा ने पूछा।
संसद के मानसून सत्र में कांग्रेस और विपक्षी दलों द्वारा लगातार किए जा रहे हंगामे को लेकर भी डॉ. शर्मा ने कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद कांग्रेस बौखलाहट में गलत नैरेटिव बनाने की कोशिश कर रही है। “सरकार संसद में हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। राज्यसभा में खुद नेता सदन श्री जगत प्रकाश नड्डा, लोकसभा में रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह और संसदीय कार्य मंत्री श्री किरण रिजिजू ने स्पष्ट कर दिया है कि हम हर मुद्दे पर खुली चर्चा के पक्ष में हैं,” उन्होंने कहा।
डॉ. शर्मा ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद विपक्ष चर्चा की बजाय हो-हल्ला कर संसद को बाधित कर रहा है। “यह सिर्फ प्रोपेगेंडा फैलाने और देश को गुमराह करने की साजिश है,” उन्होंने कहा।
डॉ. शर्मा के इस आक्रामक बयान से स्पष्ट है कि भाजपा कांग्रेस को अपराध, महिला सम्मान और संसद की गरिमा जैसे मुद्दों पर कठघरे में खड़ा करने की रणनीति पर काम कर रही है, और विपक्ष के दोहरे चरित्र को उजागर करने में कोई कसर नहीं छोड़ रही।





