भाजपा ने झारखंड में चार सीटों पर बदला उम्मीदवार, धनबाद-चतरा-गिरिडीह सीट पर सस्पेंस बरकरार

भाजपा ने झारखंड में चार सीटों पर बदला उम्मीदवार, धनबाद-चतरा-गिरिडीह सीट पर सस्पेंस बरकरार
रांची: भाजपा ने झारखंड में चार सीटों पर अपने उम्मीदवार को बदल दिया है। वहीं धनबाद, चतरा और गिरिडीह सीट पर अब भी सस्पेंस बरकरार है। भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2019 में झारखंड से चुनाव लड़ने वाले चार उम्मीदवारों को बदला है। इसके तहत दो वर्तमान सांसदों का भी टिकट कटा है। इस सीटों पर नए चेहरों को मौका दिया गया है, जबकि दो सांसदों के टिकट पर खतरा मंडरा रहा है। लोकसभा चुनाव 2019 में हारने वाले दो सीटों सिंहभूम और राजमहल में भी बीजेपी ने उम्मीदवार बदले हैं। सिंहभूम सीट से वर्तमान सांसद गीता कोड़ा को मौका दिया गया है। वहीं 2019 में राजमहल सीट से बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले हेमलाल मुर्मू अब जेएमएम में चले गए हैं, उनकी जगह बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताला मरांडी को टिकट मिला है। भाजपा ने 14 में से 11 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा तो कर दी है,लेकिन तीन सीटों पर अभी भी सस्पेंस बरकरार है। धनबाद से पीएन सिंह सांसद है, राजनीतिक गलियारों में वहां से भी उम्मीदवार बदलने की चर्चा थी, उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं होने पर इस चर्चा को और बल मिला है। वहीं चतरा से फिलहाल सुनील सिंह सांसद हैं, पहली लिस्ट में उनके नाम की घोषणा नहीं हुई है। वहीं गिरिडीह सीट को लेकर भी सस्पेंस है, फिलहाल यह सीट एनडीए के घटक दल आजसू के पास है।





