बीजेपी ने संगठनात्मक चुनावों को दी रफ्तार, पांच राज्यों में नए अध्यक्ष तय — राष्ट्रीय नेतृत्व परिवर्तन की जमीन तैयार

मजबूत संगठन की ओर भाजपा का कदम,
पांच राज्यों में नए अध्यक्ष नियुक्त —
राष्ट्रीय नेतृत्व के लिए तैयार हो रही
ज़मीन
नई दिल्ली , 30 जून 2025 : भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठनात्मक ढांचे को सशक्त करने की
दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए सोमवार को पांच राज्यों में प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर ली है। यह विकास ऐसे समय में
हुआ है जब पार्टी के राष्ट्रीय
अध्यक्ष के चुनाव को
लेकर भी गतिविधियां तेज़ हो रही हैं। परंपरा के अनुसार, सभी
प्रदेशों में अध्यक्षों की नियुक्ति पूरी होने के बाद ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के
चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया शुरू होती है। ऐसे में संकेत मिल रहे हैं कि जुलाई के पहले सप्ताह में बीजेपी राष्ट्रीय स्तर पर नेतृत्व
परिवर्तन की दिशा में निर्णायक क़दम उठा सकती है।
तेलंगाना में प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी एन. रामचंद्र राव को सौंपी गई है। केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे को यहां का चुनाव अधिकारी नियुक्त किया
गया था। चूंकि रामचंद्र राव के खिलाफ किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन नहीं भरा,
इसलिए उनका निर्विरोध चयन तय माना जा रहा है। वर्तमान अध्यक्ष
और करीमनगर से सांसद बंडी
संजय कुमार का
कार्यकाल जुलाई में समाप्त हो रहा है। राज्य में विधानसभा चुनावों के बाद पार्टी
संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कोशिशें की जा रही थीं, जिसके
तहत अब यह नियुक्ति की गई है।
तेलंगाना में अध्यक्ष पद को लेकर ईटेला राजेंदर, धर्मापुरी
अरविंद और बंडी संजय जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम भी चर्चा में
थे, लेकिन संगठनात्मक संकेत शुरू से ही
रामचंद्र राव के पक्ष में जा रहे थे। इस नियुक्ति से स्पष्ट हो गया है कि पार्टी
तेलंगाना में एक स्थिर
और अनुभवी नेतृत्व के
साथ आगे बढ़ना चाहती है।
इसी प्रकार, महाराष्ट्र में रविंद्र चव्हाण, जो
अब तक वर्किंग प्रेसिडेंट की भूमिका में थे, उन्होंने
पूर्णकालिक प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नामांकन दाखिल किया है। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू को यहां का चुनाव पर्यवेक्षक बनाया गया
है। उनके नेतृत्व में पार्टी को महाराष्ट्र में आगामी स्थानीय और लोकसभा चुनावों
के मद्देनज़र एक नया ऊर्जा देने की रणनीति अपनाई गई है।
अन्य राज्यों की बात करें तो, हिमाचल
प्रदेश में डॉ. जितेंद्र सिंह, आंध्र
प्रदेश में सांसद पीसी मोहन,
चुनाव अधिकारी की भूमिका में है वही उत्तराखंड में महेंद्र भट्ट ने भी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया है। यदि विरोध में
कोई अन्य नामांकन नहीं आता, तो इन सभी राज्यों के नए अध्यक्षों की
घोषणा 1 जुलाई
को की जा सकती है।
इन पांच राज्यों में अध्यक्षों की नियुक्ति के साथ ही बीजेपी कुल 19 राज्यों में यह प्रक्रिया पूरी कर चुकी है, और 2 जुलाई को मध्य प्रदेश में प्रस्तावित चुनाव के बाद यह संख्या 20
राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों तक पहुँच जाएगी।
विशेषज्ञ मानते हैं कि यह संगठनात्मक पुनर्गठन पार्टी को आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों के
लिए न केवल बेहतर तैयारी में मदद करेगा, बल्कि
राष्ट्रीय स्तर पर भी नई
नेतृत्व व्यवस्था की आधारशिला रखेगा। बीते कुछ महीनों से पार्टी के भीतर राष्ट्रीय अध्यक्ष
पद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच, यह संगठनात्मक बदलाव उस दिशा में एक सुसंगत और रणनीतिक क़दम के रूप में देखा जा रहा है।
अब नज़रें इस पर टिकी हैं कि अगले कुछ
दिनों में भाजपा अपने शीर्ष नेतृत्व को लेकर क्या अहम घोषणा करती है,
क्योंकि संगठन की यह गहराई से की जा रही पुनर्रचना पार्टी के भविष्य
की राजनीतिक दिशा को तय करने वाली साबित हो सकती है।





