बिहार में बिजली हुई सस्ती, दर में 2% की कटौती -1 अप्रैल से लागू होगा नया रेट

बिहार में बिजली हुई सस्ती, दर में 2% की कटौती
-1 अप्रैल से लागू होगा नया रेट
पटना ।नीतीश सरकार ने बिहार वासियों को बड़ी राहत दी है। बिजली दर में 2 फीसदी कटौती का ऐलान किया गया है। कटौती का लाभ सभी तरह के उपभोक्ताओं को मिलेगा। बिहार राज्य विद्युत विनियामक आयोग ने शुक्रवार को यह फैसला सुनाया है। नए रेट 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2025 तक लागू रहेंगे।इससे पहले साउथ और नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने 36 से 40 पैसे तक प्रति यूनिट वृद्धि का प्रस्ताव दिया था। पटना सहित 4 जिलों में जनसुनवाई कर आयोग के सदस्य परशुराम सिंह यादव व अरुण सिन्हा ने उपभोक्ताओं, संगठनों और बिजली कंपनी के अधिकारियों का पक्ष सुनकर फैसला सुरक्षित रखा था।दरअसल, दोनों कंपनियों ने आयोग के पास बिजली महंगी करने का प्रस्ताव दिया था, जिसे आयोग ने खारिज कर दिया है। बिजली कंपनियां दरों में 3.03 फीसदी की बढ़ोत्तरी चाहती थीं।विद्युत विनियामक आयोग ने बिजली कंपनियों के रेट बढ़ाने के प्रस्ताव पर आम लोगों, व्यापारिक संगठनों और उद्योग चलाने वालों से सुझाव मांगा था। आयोग ने पटना सहित 4 जिलों में जनसुनवाई की। बिजली उपभोक्ताओं, संगठनों और बिजली कंपनी के अधिकारियों के पक्ष को सुना। जिसके बाद आज ये फैसला सुनाया है।आयोग ने कहा है कि बिहार में बिजली सप्लाई कर रही कंपनियां अगर नुकसान में है तो इसकी वजह उनकी लापरवाही है। उपभोक्ता वाजिब पैसा चुका रहे हैं। अब इसमें इजाफा करने के बजाय रेट को कम करना चाहिए।





