बिहार कैबिनेट विस्तार: सम्राट सरकार में BJP के 14 मंत्रियों के नाम तय, तीन मंत्रियों की छुट्टी

पटना: बिहार में आज होने वाले मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली NDA सरकार के कैबिनेट विस्तार से पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने कोटे से शामिल होने वाले मंत्रियों के नाम लगभग फाइनल कर दिए हैं। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा की ओर से 14 नेताओं को मंत्री पद की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
इस बार के विस्तार में पार्टी ने सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने के साथ-साथ नए चेहरों पर भी दांव लगाया है। वहीं, कैबिनेट फेरबदल में कुछ पुराने मंत्रियों की छुट्टी भी तय मानी जा रही है। जानकारी के अनुसार, मंत्री मंगल पांडेय समेत तीन मौजूदा मंत्रियों का पत्ता कट सकता है। इसे संगठन और सरकार के बीच नए संतुलन की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेतृत्व ने आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए युवा नेताओं, पिछड़े वर्ग और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता दी है। पार्टी चाहती है कि सरकार में ऐसे चेहरे शामिल हों, जिनकी जमीनी पकड़ मजबूत हो और जो अलग-अलग वर्गों के बीच प्रभाव रखते हों।
भाजपा कोटे से जिन नेताओं के नाम चर्चा में हैं, उनमें कई पुराने और अनुभवी चेहरों के साथ कुछ नए विधायकों को भी मौका मिलने की संभावना है। पार्टी के अंदर पिछले कई दिनों से बैठकों और मंथन का दौर जारी था, जिसके बाद संभावित मंत्रियों की सूची तैयार की गई।
इधर, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर पटना में राजनीतिक हलचल तेज है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और NDA के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में गांधी मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और कई मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कैबिनेट विस्तार सिर्फ मंत्री बदलने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए NDA बिहार में आगामी चुनावों के लिए बड़ा राजनीतिक संदेश देने की तैयारी में है। नए चेहरों को मौका देकर भाजपा संगठन और सरकार दोनों में नई ऊर्जा लाने की कोशिश कर रही है।





