अब बंगाल का होगा पुनर्निर्माण', सीएम पद की शपथ लेते ही सुवेंदु अधिकारी का एलान

पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद सुवेंदु अधिकारी ने शनिवार को कहा कि वह अपने सरकारी कामकाज की शुरुआत जोरसांको ठाकुरबाड़ी में श्रद्धांजलि और प्रार्थना करने के बाद करेंगे। उन्होंने कहा कि यह दिन सिर्फ बंगाल ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक है।
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इच्छा के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह रवींद्र जयंती के दिन आयोजित किया गया। उन्होंने इसे बंगाल की सांस्कृतिक विरासत और महान साहित्यकार रवींद्रनाथ ठाकुर को सम्मान देने वाला फैसला बताया।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता बंगाल का पुनर्निर्माण होगी। उनके मुताबिक राज्य की शिक्षा व्यवस्था और सांस्कृतिक पहचान को पिछले कुछ वर्षों में काफी नुकसान पहुंचा है, जिसे अब सुधारने की जरूरत है।
सभी नागरिकों के लिए काम करने का वादा
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद अब वह किसी एक दल के नेता नहीं बल्कि पूरे पश्चिम बंगाल के लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार हर नागरिक के लिए बिना किसी भेदभाव के काम करेगी।
भाजपा की ऐतिहासिक जीत
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल किया। चुनाव नतीजों ने राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव ला दिया। भाजपा की इस जीत को राज्य में लंबे समय से संगठन विस्तार और लगातार चलाए गए राजनीतिक अभियानों का परिणाम माना जा रहा है।
पार्टी ने पहली बार बंगाल में अपने दम पर सरकार बनाई है। सुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने के साथ ही पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के नए दौर की शुरुआत हो गई है।





