एक्सट्रीम बार के डीजे की हत्याकांड का 15 घंटे में रांची पुलिस ने किया खुलासा यूनियन बैंक मैनेजर का दोस्त अभिषेक सिंह ने मारी थी गोली ,मैनेजर समेत तीन लोगों से पूलिस कर रही पूछताछ

एक्सट्रीम बार के डीजे की हत्याकांड का 15 घंटे में रांची पुलिस ने किया खुलासा
यूनियन बैंक मैनेजर का दोस्त अभिषेक सिंह ने मारी थी गोली ,मैनेजर समेत तीन लोगों से पूलिस कर रही पूछताछ
रांची: चुटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत एक्सट्रीम स्पोर्ट्स बार एंड ग्रिल में रविवार रात डीजे संदीप की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित अभिषेक सिंह उर्फ विक्की सिंह को बिहार के गया जिले के अलीपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने सोमवार को बताया कि रविवार की रात चुटिया थाना क्षेत्र में एक्सट्रीम स्पोर्ट्स बार में खाने- पीने के दौरान बार के बाउंसर और कुछ व्यक्तियों के बीच मारपीट की घटना हुई थी। मारपीट की घटना की सूचना चुटिया थाना को मिलने पर थाना के पदाधिकारी बार में पहुंचे। पुलिस के आने से पहले एक व्यक्ति के अलावे अन्य सभी लोग वहां से चले गये थे। पुलिस उस एक व्यक्ति को चुटिया थाना ले गयी । इसके बाद रविवार देर रात 01.18 बजे बार के डीजे संदीप उर्फ सैंडी बार के बाहर स्थित लिफ्ट के सामने खड़े थे, उस वक्त लिफ्ट से एक हथियार बंद व्यक्ति दूसरे तल पर स्थित बार में आया और लिफ्ट के सामने खड़े डीजे सैंडी, जो टैक्सी के इंतजार में खड़ा था, को आते ही गोली मार दिया। गोली मारने के बाद आरोपित सीढ़ी से नीचे उतरा । फिर बार के शीशे पर नीचे से गोली चलायी। जब पुलिस की गश्ती दल गोली की आवाज सुनकर पहुंचा तो आरोपित घटना स्थल से भाग गया। पुलिस टीम गोलीबारी में घायल डीजे को ईलाज के लिए रिम्से ले गयी जहां इलाज के क्रम में डीजे संदीप प्रमाणिक उर्फ सैंडी की मौत हो गयी। वह पश्चिम बंगाल का रहने वाला था। एसएसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी राजकुमार मेहता के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया। अनुसंधान के क्रम में यह पाया गया कि अभिषेक सिंह उर्फ विक्की, शमीरउद्दीन, आयाम अनवर, प्रतीक, मृत्युंजय यादव उर्फ मिथुन, प्रकाश एवं प्रकाश के दोस्त एवं बार के बाउंसरों के बीच मारपीट हुई थी। घटना के करीब दो से ढाई घंटे बाद उन्हीं में से एक व्यक्ति जिसकी पहचान अभिषेक सिंह उर्फ विक्की के रूप में की गई है। वह बार में आकर डीजे सैंडी को गोली मार दी। तलाशी के दौरान इसके नाम से असम राज्य से निर्गत दो हथियारों की अनुज्ञप्ति प्राप्त हुई है। उक्त शस्त्र अनुज्ञप्ति के संबंध में उपायुक्त के शस्त्र शाखा से इसकी विवरणी की मिलान किया, मिलान के क्रम में उक्त अनुज्ञप्ति से संबंधित कोई भी प्रविष्टि वहां प्राप्त नहीं हुई है। प्रथम दृष्टया दोनों अनुज्ञप्ति फर्जी प्रतीत होते हैं। घटना को अंजाम देने के बाद जिस कार से अभिषेक सिंह उर्फ विक्की घटना स्थल से फरार हुआ था, उसे पुलिस के द्वारा खोजबीन कर विधिवत रुप से जब्त किया गया है। बार एवं कार की एफएसएल से जांच करायी गयी है। बाउंसर के साथ मारपीट में शामिल अभिषेक सिंह उर्फ विक्की के अन्य साथियों में से तीन रामगढ़ निवासी यूनियन बैंक ऑफ़ इंडिया का मैनेजर प्रतीक, एदलहातु निवासी मो समीरूद्दीन को रांची से और रांची के होटवार निवासी मृत्युंजय कुमार यादव से पूछताछ की जा रही है।





