UP में सियासी भूचाल! अखिलेश का बड़ा ऐलान - सरकार बनी तो OPS लागू, मदरसे होंगे आधुनिक, महिलाओं को 40 हजार

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने अपना सबसे बड़ा दांव चल दिया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर साफ कहा - "हमारी सरकार बनने जा रही है और बनते ही पुरानी पेंशन योजना बहाल होगी।"अखिलेश का ये बयान ऐसे समय आया है जब प्रदेश में करीब 12 लाख शिक्षक-कर्मचारी OPS की मांग को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत हैं। अखिलेश ने कहा कि जब हमने पहली बार OPS का वादा किया था तभी हमने इसका फाइनेंशियल मॉडल तैयार कर लिया था। मेनिफेस्टो में हम बताएंगे कि इसे कैसे फाइनेंस करेंगे, लेकिन लागू करना तय है।
सपा के चुनावी प्लान में सिर्फ OPS ही नहीं, शिक्षकों को लेकर दो और घोषणाएं हैं। अखिलेश ने कहा कि वित्त विहीन शिक्षकों के लिए मानदेय का इंतजाम किया जाएगा और शिक्षकों की सेवा सुरक्षा को पूरी तरजीह दी जाएगी। उनके नेता लाल बिहारी यादव ने विधान परिषद में इस मुद्दे को लगातार उठाया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश ने बीजेपी पर सबसे तीखा हमला मदरसों के मुद्दे पर किया। उन्होंने कहा - "ये सरकार नफरत फैलाने और दूरियां बनाने का काम करती है। मदरसों के साथ भेदभाव किया गया है।" सपा सरकार बनने पर मदरसों की सभी व्यवस्था बेहतर की जाएगी, पेंडिंग तनख्वाह दी जाएगी और मदरसे आधुनिक बनाए जाएंगे।
माना जा रहा है कि मदरसा शिक्षकों की वेतन बकाया और मदरसा बोर्ड को बंद करने की चर्चा के बीच ये बयान सपा के मुस्लिम-यादव समीकरण को साधने की कोशिश है। इसी हफ्ते अखिलेश ने दो और बड़े ऐलान किए थे। योगी सरकार ने 2020 में यश भारती सम्मान बंद कर दिया था। अखिलेश ने कहा कि सरकार बनी तो यश भारती फिर शुरू होगा। पहले 11 लाख और 50 हजार मासिक पेंशन मिलती थी, अब इसे बढ़ाकर 21 लाख और 1 लाख महीना पेंशन करेंगे। महिलाओं के लिए भी सपा का प्लान क्लियर है - हर गरीब महिला को सालाना 40 हजार रुपये और 2 लाख रुपये तक का लोन। अखिलेश ने तंज कसा कि बीजेपी एक लाख देने के लिए लोन ले रही है, हम उसी बैंक से लोन लेकर महिलाओं को 2 लाख देंगे।
साथ ही कन्या विद्या धन योजना फिर शुरू होगी, जिसमें 12वीं पास छात्राओं को 30 हजार की जगह 50 हजार मिलेंगे। सपा की रणनीति सिर्फ वादों तक नहीं है। अखिलेश ने प्रदेश कार्यकारिणी बैठक के बाद कहा कि 2027 में हर विधानसभा में 27 हजार वोट बढ़ाने और बीजेपी के 27 हजार वोट कम करने का लक्ष्य है। इसके लिए PDA प्रहरी फॉर्म-7 के जरिए वोट कटने की निगरानी करेंगे। कुल मिलाकर सपा का चुनावी प्लान - OPS से कर्मचारी, मानदेय से शिक्षक, 40 हजार से महिला और मदरसा सुधार से अल्पसंख्यक - चार बड़े वोट बैंक को एक साथ साधने का है।
विषय





