शिक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण का संगम: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का उत्तर प्रदेश दौरा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का उत्तर
प्रदेश दौरा: शिक्षा, स्वास्थ्य
और महिला सशक्तिकरण की नई दिशा
नई दिल्ली ,29 जून 2025: भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 30 जून से 1 जुलाई, 2025 तक
उत्तर प्रदेश के बरेली और गोरखपुर के दौरे पर रहेंगी। यह दौरा न केवल शैक्षणिक और
चिकित्सा संस्थानों के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि प्रदेश के समग्र विकास और महिला सशक्तिकरण को भी नई
ऊर्जा प्रदान करेगा।
अपने दौरे के पहले दिन, 30 जून
को राष्ट्रपति बरेली स्थित भारतीय
पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (IVRI) के ग्यारहवें दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करेंगी। यह संस्थान देश की
पशु चिकित्सा और पशुपालन क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए जाना जाता है, और इस अवसर पर राष्ट्रपति का मार्गदर्शन विद्यार्थियों और
शोधकर्ताओं को नई प्रेरणा देगा।
उसी दिन वे एम्स
गोरखपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में भी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होंगी। एम्स जैसे
प्रतिष्ठित संस्थान के पहले दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति की उपस्थिति, क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा के प्रति
केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
1 जुलाई को राष्ट्रपति महारोगी गुरु गोरखनाथ आयुष
विश्वविद्यालय, गोरखपुर का उद्घाटन करेंगी। यह
विश्वविद्यालय आयुर्वेद, योग, प्राकृतिक
चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध
और होम्योपैथी जैसी पारंपरिक चिकित्सा प्रणालियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक
ऐतिहासिक पहल है। इसी दिन राष्ट्रपति महारोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय भी जाएंगी, जहाँ वे ऑडिटोरियम, एकेडमिक
ब्लॉक और पंचकर्म केंद्र का
उद्घाटन करेंगी, साथ ही नए छात्रावास (बालिकाओं हेतु) की आधारशिला भी रखेंगी।
यह दौरा न केवल पूर्वांचल क्षेत्र में शैक्षणिक एवं चिकित्सा
ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक क्षण है, बल्कि
यह दर्शाता है कि कैसे भारत की राष्ट्रपति महिलाओं की शिक्षा, स्वदेशी चिकित्सा प्रणाली और समावेशी विकास को प्राथमिकता दे
रही हैं। राष्ट्रपति मुर्मु का यह दौरा उत्तर प्रदेश को विकास की नई ऊँचाइयों तक
पहुँचाने में प्रेरक सिद्ध होगा।





