अप्रैल में ही चलने लगेगी हीट वेव -42 डिग्री के करीब पहुंचा वैशाली का तापमान

अप्रैल में ही चलने लगेगी हीट वेव
-42 डिग्री के करीब पहुंचा वैशाली का तापमान
पटना। बिहार में अप्रैल का महीना सिर्फ गर्मी का एहसास कराने वाला महीना नहीं रहा। पिछले चार साल के आंकड़े बताते हैं कि अप्रैल अब झुलसाने वाली गर्मी के महीने में तब्दील हो चुका है। उदाहरण के लिए वर्ष 2020 और इससे पहले के सालों में 40 डिग्री सेल्सियस या इससे अधिक तापमान अपवाद रूप में केवल गया का ही जाता था, लेकिन पिछले तीन सालों में 40 डिग्री सेल्सियस की बात छोड़ ही दें, इस महीने में हीट वेव (लू ) की स्थिति बन चुकी है। राज्य के प्रमुख चार शहरों पटना,गया,भागलपुर और पूर्णिया के पारे में औसतन दो से पांच डिग्री सेल्सियस का इजाफा हो चुका है।आइएमडी पटना के मुताबिक अप्रैल 2020 में पटना, भागलपुर और पूर्णिया में उच्चतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही रहने का ट्रेंड रहा। केवल गया में इस साल अप्रैल में गया में केवल दो दिन 17 और 19 अप्रैल को क्रमश: 40.2 और 40 डिग्री सेल्सियस उच्चतम तापमान पहुंचा।वर्ष 2021 में 28 अप्रैल को पटना और गया में 24 अप्रैल को उच्चतम तापमान 42 डिग्री और भागलपुर में 28 अप्रैल को 42.6 डिग्री दर्ज किया गया। इस साल अप्रैल में पूर्णिया में पारा 40 से नीचे ही रहा। वर्ष 2022 अप्रैल में पटना का सबसे अधिक उच्चतम तापमान 26 अप्रैल को 43 डिग्री सेल्सियस , गया में 27 अप्रैल को 43.5 , भागलपुर में 25 अप्रैल को 42 और पूर्णिया में 40 डिग्री से नीचे रहने की लक्ष्मण रेखा लांघ कर उच्चतम पारा 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वर्ष 2023 अप्रैल का सर्वाधिक उच्चतम तापमान पटना 18 अप्रैल को 44.1 , गया में इसी दिन 43.5 , भागलपुर में 42.7 और पूर्णिया में 18 अप्रैल को ही 41.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह तापमान सभी शहरों का इस माह के लिए चरम था।राज्य में वैशाली में पारा 40 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है. यह इस माह का सबसे अधिक तापमान है। रविवार को वैशाली में पारा 41.9 डिग्री सेल्सियस रहा । इसी के साथ राज्य में उच्चतम तापमान सामान्य से अधिक है। इसके अलावा शेखपुरा उच्चतम तापमान 39.4 , बक्सर में 39.7 और औरंगाबाद में उच्चतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है. आइएमडी का पूर्वानुमान है कि इन जिलों में भी सोमवार को उच्चतम पारा 40 पार कर जायेगा।आइएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक तापमान में अब अगले पांच दिन निरंतर वृद्धि होगी।संभव है कि इस बार लू का अहसास बहुत जल्दी हो।





