29 करोड़ की लागत से पटना में बनेगा अत्याधुनिक क्रिकेट ग्राउंड: सतीश राजू

पटना। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना गर्दनीबाग स्थित संजय गांधी स्टेडियम का निरीक्षण साेमवार काे किया। इस अवसर पर भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने प्रदेश संयोजक सतीश राजू के नेतृत्व में उप मुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी को सम्मानित कर संजय गांधी स्टेडियम को लगभग 29 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक उपकरणों से लैस क्रिकेट ग्राउंड बनाने की स्वीकृति के लिए आभार व्यक्त किया। साथ ही बिहार सरकार के खेल मंत्री सुरेन्द्र मेहता को भी इस पुनीत कार्य के लिए बधाई दी ।
भाजपा क्रीड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक सतीश राजू ने कहा कि एनडीए सरकार बिहार में खिलाड़ियों के उत्थान एवं खेल को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। इसी तहत बिहार विधानसभा के बजट सत्र में बिहार के उप मुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने पटना गर्दनीबाग स्टेडम को 4 लाख 20 हजार स्क्वायर फीट में लगभग 29 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस क्रिकेट ग्राउंड बनाने का बजट पेश कर पास करवाया, जिससे बिहार के खिलाड़ियों को बिहार में एक बेहतरीन क्रिकेट स्टेडियम प्राप्त हो और आने वाले समय में बिहार में भी बड़े बड़े क्रिकेट मैचों का आयोजन हो सके।
माैके पर दीघा विधानसभा के विधायक संजीव चौरसिया ने भी उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में संजय गांधी स्टेडियम में बड़ा से बड़ा आयोजन कराया जायेगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को काफी मदद मिलेगी।





