बीजेपी ने जारी की बिहार के 17 कैंडिडेट्स की लिस्ट -मीसा भारती को टक्कर देंगे रामकृपाल

बीजेपी ने जारी की बिहार के 17 कैंडिडेट्स की लिस्ट
-मीसा भारती को टक्कर देंगे रामकृपाल
पटना ।लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने आज पांचवीं लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में बिहार के 17 उम्मीदवारों के नामों का भी ऐलान किया गया है। पार्टी ने नवादा से विवेक ठाकुर तो बेगूसराय से गिरिराज सिंह पर भरोसा जताया है। वहीं, लालू प्रसाद की बेटी मीसा भारती को एक बार फिर पाटलिपुत्र सीट से रामकृपाल यादव टक्कर देंगे।बक्सर सीट से अश्विनी चौबे का नाम कटा है और उनकी जगह मिथिलेश तिवारी को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। मुजफ्फरपुर से अजय निषाद का टिकट इस बार कट गया है और उनकी जगह राज भूषण निषाद को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं, सासाराम सीट से छेदी पासवान का नाम कटा है और उनकी जगह पार्टी ने शिवेश राम पर भरोसा जताया है।सीट शेयरिंग के मुताबिक भाजपा एक बार फिर से बिहार में 17 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इस बार शिवहर की जगह नवादा एक बार फिर से अपने हिस्से में ली है।यहां से सबसे ज्यादा चर्चा पार्टी के राज्यसभा सांसद और दिग्गज नेता सीपी ठाकुर के बेटे विवेक ठाकुर के चुनाव लड़ने की थी। पार्टी ने उन्हें ही उम्मीदवार बनाया है। आरा से केंद्रीय मंत्री आरके सिंह और उजियारपुर से नित्यानंद राय पर पार्टी एक बार फिर से भरोसा जताया है। बताते चलें कि आरा सीट से भोजपुर स्टार पवन सिंह के चुनाव लड़ने की चर्चा चल रही थीं। पवन सिंह को आसनसोल से बीजेपी ने प्रत्याशी बनाया था, लेकिन उन्होंने निजी कारणों से यहां से चुनाव लड़ने से मना कर दिया था।वहीं, पटना में अमित शाह की रैली के बाद पाटलिपुत्र से रामकृपाल यादव का चुनाव लड़ना भी तय माना जा रहा था। पार्टी ने एक बार फिर से उन्हें ही इस सीट से प्रत्याशी बनाया है।बता दें कि भाजपा के प्रदेश महामंत्री मिथिलेश तिवारी गोपालगंज के बैकुंठपुर विधानसभा सीट से 2015 में बीजेपी से विधायक बने। 2015 में इस सीट से बीजेपी ने जदयू को मात दी थी। मिथिलेश तिवारी ने 5 लाख 6 हजार 162 वोट हासिल किया था। हालांकि 2020 में मिथिलेश तिवारी हार गए हैं। इस सीट से राजद ने जीत हासिल की थी। अब बीजेपी ने बक्सर से उन्हें प्रत्याशी बनाया है।
अररिया-प्रदीप सिंह
बेगूसराय- गिरिराज सिंह
बक्सर- मिथिलेश तिवारी
मधुबनी- अशोक यादव
दरभंगा- गोपाल जी ठाकुर
मुजफ्फरपुर- राज भूषण निषाद
पटना साहिब- रविशंकर प्रसाद
पाटलिपुत्र- रामकृपाल यादव
सारण- राजीव प्रताप रूडी
महाराजगंज- जनार्दन सिग्रीवाल
सासाराम - शिवेश राम
पश्चिम चंपारण- संजय जायसवाल
आरा- आरके सिंह
उजियारपुर- नित्यानंद राय
औरंगाबाद- सुशील सिंह
पूर्वी चंपारण- राधा मोहन सिंह
नवादा-विवेक ठाकुर





