लैंड फॉर जॉब मामले में राबड़ी, मीसा पर फैसला टला
*अब 27 को जजमेंट सुनाएगी दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट
पटना ।रेलवे में नौकरी के बदले जमीन और फ्लैट रजिस्ट्री कराने के मामले में ईडी की तरफ से दाखिल चार्जशीट पर आज दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट का फैसला आने वाला था, लेकिन ऐन वक्त पर फैसला टल गया है। अब कोर्ट आगामी 27 जनवरी को अपना फैसला सुनाएगा।इधर ईडी ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद को 29 जनवरी को और उनके बेटे उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को 30 जनवरी को अपने पटना दफ्तर में पेश होने को कहा है।रेलवे में नौकरी के बदले जमीन के इसी मामले में दो दिन पहले गुरुवार को कोर्ट ने सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था। ईडी ने लैंड फॉर जॉब मामले को मनी लॉन्ड्रिंग से भी जोड़ा है। ईडी ने इस मामले में पहली चार्जशीट में राबड़ी देवी, मीसा भारती, हेमा यादव आदि के नाम शामिल कर रखा है।बता दें आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव और उनके बेटे तेजस्वी यादव से कथित तौर पर जुड़े अमित कात्याल को जांच एजेंसी ने नौकरी के बदले जमीन घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग जांच के सिलसिले में हिरासत में लिया था।मामला लगभग 15 साल पुराना है। उस समय लालू प्रसाद केंद्र सरकार में रेल मंत्री थे। आरोप है कि लालू प्रसाद ने रेल मंत्री रहते हुए रेलवे में लोगों को नौकरी देने के बदले उनकी जमीन लिखवा ली थी! लालू प्रसाद 2004 से 2009 तक रेल मंत्री थे। इस मामले में बाद में ईडी की एंट्री हुई।





