राहुल और आथिया जल्द शादी के बंधन में बंधेंगे
मुम्बई । भारतीय क्रिकेट टीम के बल्लेबाज लोकेश राहुल अभिनेत्री आथिया शेट्टी के साथ जल्द ही शादी के बंधन में बंध सकते हैं। आथिया और राहुल लंबे समय से रिलेशनशिप में बने हुए हैं। राहुल हाल ही में जर्मनी से सर्जरी कराकर लौटे हैं। राहुल कमर की सर्जरी के कारण ही आजकल टीम से बाहर चल रहे हैं। उनके अगस्त में शुरू हो रहे एशिया कप टी20 में भी खेलने की संभावना नही है। टीम प्रबंधन चाहत है कि राहुल पूरी तरह फिट होने के बाद ही वापसी करें। इस साल अक्टूबर-नवंबर में होने वाले टी20 विश्व कप को देखते हुए टीम प्रबंधन राहुल को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहता।
एक रिपोर्ट के अनुसार राहुल और आथिया अगले तीन माह के अंदर मुंबई में शादी कर सकते हैं। इसके लिए होने वाले भव्य कार्यक्रम की तैयारी स्वयं आथिया ही देख रही हैं। हाल ही में दोनों अपने घरवालों के साथ नया घर देखने पहुंचे थे। फिलहाल इस घर को नया रुप दिया जा रहा है। राहुल और आथिया शादी के बाद यहीं रहेंगे। आथिया अभिनेता सुनील शेट्टी की बेटी हैं। आथिया ने फिल्म हीरो से एक्टिंग में कदम रखा हालांकि वह अभिनय में अबतक कुछ खास नहीं कर पायी हैं। हीरो के बाद आथिया फिल्म मुबारकां में अर्जुन कपूर के साथ नजर आईं। ये फिल्म भी कुछ खास नहीं कर पायी।





