रांची। रांची के बरियातू थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात फायरिंग का मामला सोमवार को प्रकाश आया है। फायरिंग में कमड़े, रातू निवासी टोनी लोहरा घायल हो गया। गोली उसके पेट में लगी है। गंभीर हालत में उसे रिम्स के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रविवार देर रात मंडा बगीचा में कई युवक जुटे थे। बताया जा रहा है कि वहां शराब पार्टी चल रही थी। देर रात लगभग 2 बजे अचानक फायरिंग की आवाज सुनाई दी। गोली चलते ही मौके पर अफरा तफरी मच गई और वहां मौजूद युवक इधर-उधर भागने लगे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि घटनास्थल पर एक युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा था। इसके बाद कुछ लोगों ने उसे उठाकर वाहन से अस्पताल पहुंचाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से गोली चलाए जाने की बात कही जा रही है।
गोली टोनी लोहरा के पेट में लगी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस घायल युवक के होश में आने और उसका बयान दर्ज होने का इंतजार कर रही है।
घटना की जानकारी सोमवार सुबह पुलिस को मिली। इसके बाद सदर डीएसपी संजीव बेसरा और बरियातू थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मंडा बगीचा पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू की।
पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि रात में वहां कौन-कौन लोग मौजूद थे और फायरिंग के बाद कौन लोग मौके से फरार हुए।
सदर डीएसपी संजीव बेसरा ने बताया कि गोलीबारी की घटना में एक युवक घायल हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि घटना के पीछे क्या वजह रही और फायरिंग किसने की, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। पूरे मामले की गहन जांच पड़ताल की जा रही है।





