फतेहाबाद। फतेहाबाद जिले के शहर भूना की अनाज मंडी के एक व्यापारी से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। व्यापारी को व्हाट्सएप पर वॉयस कॉल कर आरोपी ने खुद को रोहित गोदारा ग्रुप से जुड़ा बताते हुए पांच करोड़ रुपये देने की मांग की। आरोपी ने व्यापारी को दो दिन का समय देते हुए हां या ना में जवाब देने को कहा है।
रकम नहीं देने पर व्यापारी के चल रहे काम को नुकसान पहुंचाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है। इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों में चिंता का माहौल है। सोमवार को पुलिस ने शिकायत के बाद जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार व्यापारी के पास आए वॉयस मैसेज में कॉल करने वाले ने अपना नाम गिल्ली राणा बताया। उसने कहा कि वह रोहित गोदारा ग्रुप से बोल रहा है और पांच करोड़ रुपये के लिए यह संदेश दिया गया है। आरोपी ने व्यापारी को दो दिन में जवाब देने को कहा और साथ ही धमकी दी कि जवाब नहीं मिलने पर वह दोबारा संपर्क करेगा।
वॉयस मैसेज में आरोपी ने व्यापारी को धमकाते हुए कहा कि यदि रकम को लेकर सकारात्मक जवाब नहीं मिला तो उसके काम-धंधे को नुकसान पहुंचाया जाएगा। आरोपी ने यह भी कहा कि उसकी आवाज की पुष्टि गैंग के किसी अन्य व्यक्ति से करवाई जा सकती है। पुलिस ने वॉयस मैसेज और कॉल से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल कर लिया है। व्यापारी ने भूना के नवनियुक्त थाना प्रभारी कंवर सिंह को शिकायत देकर सुरक्षा की मांग की है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और उच्च अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दे दी गई है। पुलिस कॉल के स्रोत, मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की गहनता से जांच कर रही है।2025 में भी व्यापारी से मांगी गई थी 5 करोड़ की रंगदारीभूना अनाज मंडी में इस तरह की धमकी का यह पहला मामला नहीं है।
इससे पहले 22 फरवरी 2025 को भी मंडी के एक गेहूं व्यापारी को व्हाट्सएप वॉयस कॉल के माध्यम से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
कॉल करने वाले की पहचान करने और धमकी के पीछे के वास्तविक नेटवर्क का पता लगाने के लिए तकनीकी टीमों को लगाया गया है। पुलिस ने व्यापारी को सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश भी जारी किए हैं।





