चित्तौड़गढ़। शहर में भारी वाहनों की बेलगाम आवाजाही गुरुवार रात बड़ा हादसा बनते-बनते रह गई। जिला मुख्यालय स्थित नगर परिषद कार्यालय के बाहर ओवरब्रिज के नीचे मुड़ते समय ट्रॉले पर रखा कंटेनर अचानक पुलिया के पिलर से टकरा कर सड़क पर गिर पड़ा। गनीमत रही कि व्यस्तम मार्ग पर उस वक्त कोई वाहन या राहगीर चपेट में नहीं आया, वरना जनहानि तय थी।
प्रत्यक्षदर्शी एडवोकेट विनय कुमार जैन ने बताया कि वह अपने पुत्र नैतिक जैन के साथ कैलाश नगर से शहर की ओर जा रहे थे। नगर परिषद के बाहर कलेक्ट्री की तरफ मुड़ रहा ट्रेलर-कंटेनर अचानक नीचे आ गिरा। हमारा वाहन कंटेनर से महज पांच फीट पीछे था। कुछ सेकंड का भी अंतर होता तो बड़ा हादसा हो जाता। इधर, कंटेनर गिरते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित लोगों ने चालक के साथ हाथापाई कर दी। सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चालक बाबू खान को भीड़ से सुरक्षित निकालकर थाने ले गई। सड़क पर कंटेनर गिरने से नगर परिषद के बाहर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। बाद में यातायात पुलिस ने मोर्चा संभाला और क्रेन की मदद से कंटेनर हटवाकर ट्रैफिक सुचारू कराया। इस घटना ने पुलिस, परिवहन विभाग और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नो-एंट्री के बावजूद भारी वाहनों की बेरोकटोक एंट्री जारी है। ओवरलोड और असुरक्षित तरीके से गुजर रहे वाहन रोज दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं, लेकिन न परिवहन विभाग की सख्त जांच है और न पुलिस की प्रभावी रोक।
चित्तौड़गढ़ में बड़ा हादसा टला, ओवरब्रिज के नीचे ट्रॉले से गिरा कंटेनर, बाल-बाल बचे लोग
May 29 2026 10:56AM
2 मिनट का रीड
360022
12





