BREAKING NEWS

'लगा मरने वाले हैं...' हवा में 4000 फीट नीचे गिरा इजरायल जा रहा विमान, पायलट को मारा चाकू, फिर जो हुआ...

'लगा मरने वाले हैं...' हवा में 4000 फीट नीचे गिरा इजरायल जा रहा विमान, पायलट को मारा चाकू, फिर जो हुआ...
दुबई से इजरायल जा रही फ्लाइट में मंगलवार को ऐसा खौफनाक मंजर देखने को मिला कि यात्रियों को लगा अब विमान क्रैश होने वाला है। हवा में 33,000 फीट की ऊंचाई पर कॉकपिट के अंदर खून, चीखें और एक पायलट पर चाकू से हमला। ये कहानी है Flydubai की फ्लाइट FZ1073 की। फ्लाइट सुबह 7:05 बजे दुबई से तेल अवीव के लिए उड़ी थी। इसमें करीब 180 यात्री थे, जिनमें ज्यादातर इजरायली थे। टेकऑफ के करीब 90 मिनट बाद सबकुछ सामान्य चल रहा था। तभी अचानक कॉकपिट से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आने लगीं।


फ्लाइट में मौजूद एक महिला यात्री ने इजरायल के चैनल 12 को बताया, "हमने प्लेन में चीखें सुनीं। फिर उन्होंने कॉकपिट खोला और हमने खून देखा, किसी ने पॉकेटनाइफ से पायलट को चाकू मार दिया था।" एक अन्य यात्री नोअम ने कहा, "लगा कि मरने वाले हैं... हमें समझ आया कि एक पायलट को चाकू मारा गया है और वो बुरी तरह घायल है। प्लेन ने कंट्रोल खो दिया और तेजी से नीचे गिरने लगा। बहुत डरावना था।" FlightRadar24 के डेटा के मुताबिक, जॉर्डन के ऊपर प्लेन ने अचानक 4,000 मीटर से ज्यादा का गोता लगाया। कुछ रिपोर्ट में कहा गया है कि प्लेन 30 सेकंड में 14,000 फीट नीचे आ गया।


इसी दौरान पायलट ने दो खतरनाक कोड भेजे - पहले 7700 जो इंटरनेशनल इमरजेंसी सिग्नल होता है, और फिर 7500 जिसका मतलब होता है प्लेन हाइजैक हो गया है। इससे पूरे इजरायल में हड़कंप मच गया। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री ने तुरंत सिक्योरिटी मीटिंग बुलाई। इजरायली फाइटर जेट्स भी अलर्ट पर आ गए। खौफ के बीच हीरो बनकर सामने आए प्लेन में मौजूद कुछ यात्री। पता चला कि सिविल कपड़ों में दो और पायलट भी यात्री बनकर उसी फ्लाइट में सफर कर रहे थे। जब कॉकपिट में झगड़ा बढ़ा, तो सामने बैठे इजरायली युवकों ने कॉकपिट का दरवाजा तोड़ दिया।


एक यात्री एडम ने बताया, "प्लेन की पूरी इलेक्ट्रिसिटी चली गई, स्क्रीन बंद हो गईं। चीखें गूंज रही थीं - चाकूबाजी, खून-खून। कई इजरायली लड़के कूदे और हमलावर को काबू किया। 3-4 लोगों ने 180 लोगों को बचा लिया।" सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक खून से लथपथ यात्री कह रहा है, "हमने कॉकपिट पर कंट्रोल ले लिया है और हम लैंड करने वाले हैं।" आखिरकार विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंड कराया गया। लैंडिंग के बाद यात्रियों को पानी दिया गया और घायलों का इलाज किया गया। 


इजरायली रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी को-पायलट ओमान का नागरिक बताया जा रहा है और जांच एजेंसियां इसे आतंकी घटना के एंगल से भी देख रही हैं। Flydubai ने कहा है कि सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें वापस इजरायल लाने के लिए दूसरा विमान भेजा गया है। यात्रियों ने लैंडिंग के बाद कहा, "हमने 'शेमा इजरायल' की प्रार्थना की, हमें लगा था हम जिंदा नहीं बचेंगे।"

Subscribe Now