बिहार में भ्रष्ट अधिकारियों पर शिकंजा कसता जा रहा है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। EOU ने कैमूर जिले के मोहनिया चेक पोस्ट पर तैनात प्रवर्तन अवर निरीक्षक (ESI) अमित कुमार गुप्ता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जांच में प्रथम दृष्टया यह बात सामने आई है कि अधिकारी ने अपनी ज्ञात और वैध आय के स्रोतों से करीब 1.49 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध संपत्ति हासिल की है। यह रकम उनकी सैलरी से कई गुना ज्यादा है।
आर्थिक अपराध इकाई को गुप्त सूचना मिली थी कि मोहनिया चेक पोस्ट पर तैनात अमित कुमार गुप्ता ने अवैध तरीके से अकूत संपत्ति बनाई है। इसके बाद EOU ने उनकी संपत्ति की जांच शुरू की। जांच में पाया गया कि अधिकारी की कुल आय और खर्च में भारी अंतर है। उनकी वैध आय से जो संपत्ति बननी चाहिए थी, उससे 1.49 करोड़ रुपये ज्यादा की संपत्ति उनके पास मिली। यह पूरी संपत्ति आय से अधिक पाई गई है। प्रथम दृष्टया मामला सही पाए जाने पर EOU ने उनके खिलाफ FIR दर्ज कर ली।
साक्ष्य मिलने के बाद आज सुबह EOU की टीमों ने अधिकारी के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू कर दी है। सबसे बड़ी कार्रवाई आरा में हुई है। अधिकारी के आरा स्थित मकान पर सुबह 8 बजे आर्थिक अपराध इकाई ने धावा बोला दिया। आरा के नवादा थाना अंतर्गत अवधपुरी मुहल्ला, चंदवा स्थित अमित कुमार के मकान पर टीम पूरे घर को खंगाल रही है। सूत्रों के मुताबिक, टीम घर के हर कोने, दस्तावेज, बैंक खाते, जमीन के कागजात और ज्वेलरी की जांच कर रही है। घर से कई अहम दस्तावेज मिलने की भी खबर है।
EOU सिर्फ आरा वाले घर तक ही सीमित नहीं है। विभाग अब उनकी आय के अन्य जरियों और अचल संपत्तियों की गहनता से पड़ताल कर रहा है। बताया जा रहा है कि अमित कुमार गुप्ता ने अपने नाम और परिवार के नाम पर कई जगह जमीन और फ्लैट खरीदे हैं। बैंक खातों में भी बड़ी रकम जमा होने की बात सामने आ रही है। EOU इन सभी संपत्तियों का ब्योरा जुटा रही है। मोहनिया चेक पोस्ट बिहार-यूपी बॉर्डर का सबसे बड़ा चेक पोस्ट है, जहां से रोजाना हजारों ट्रकों का आना-जाना होता है।
आरोप है कि अधिकारी ने यहां तैनाती के दौरान ट्रकों से अवैध वसूली कर यह संपत्ति बनाई।EOU के अधिकारियों का कहना है कि छापेमारी खत्म होने के बाद ही कुल संपत्ति का सही आंकड़ा सामने आएगा। फिलहाल जांच जारी है और अधिकारी से पूछताछ भी की जा सकती है।