चित्तौड़गढ़। जिले में चित्तौड़गढ़ उदयपुर सिक्सलेन पर भादसोड़ा थाना क्षेत्र में बागुंड गांव के पास एक बस हादसे का शिकार हो गई। यह बस चित्तौड़गढ़ से श्रद्धालुओं को लेकर सांवलियाजी मंदिर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। इस हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन श्रद्धालु घायल हुए हैं। इनमें से पांच जनों को उपचार के लिए गंभीर अवस्था में चित्तौड़गढ़ रेफर किया गया है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची भादसोड़ा थाना पुलिस ने बस को जप्त कर लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
भादसोड़ा थानाधिकारी महेंद्रसिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली थी कि प्राकट्य स्थल मंदिर से पहले बागुंड गांव के यहां एक यात्री बस पलटी खा गई है। इस सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी ली। जांच की तो सामने आया कि यह बस चित्तौड़गढ़ में रेलवे स्टेशन के यहां से सवारियों को लेकर सांवलियाजी मंदिर जा रही थी। इस बस में सवार अधिकांश श्रद्धालु थे, जिन्हें सांवलियाजी दर्शन करने जाना था। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मची हुई थी। घायलों को उपचार के लिए एंबुलेंस सहित अन्य साधनों से भादसोड़ा चिकित्सालय पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद एक श्रद्धालु को मृत घोषित कर दिया, जिसका नाम हरीसिंह बताया गया है। अन्य घायलों का भादसोड़ा चिकित्सालय में उपचार किया गया। वहीं करीब पांच श्रद्धालुओं को गंभीर अवस्था में चित्तौड़गढ़ रेफर कर दिया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को जप्त कर लिया और पुलिस थाने में खड़ी करवाया है। थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है। आशंका है कि सुबह का समय होने के कारण बस के चालक को नींद की झपकी आई हो और हादसा हो गया।
लोहे की मजबूत एंगल से जा टकराई बस
इधर, जानकारी में सामने आया कि बस एक विद्युत पोल से भी टकराई थी। वही नेशनल हाईवे के किनारे पर लगी लोहे की रेलिंग से टकरा गई। इससे यहां लगी लोहे की मजबूत रेलिंग भी टूट गई। बस के एक साइड का हिस्सा भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया।
सांवलियाजी दर्शन करने जा रहे हैं श्रद्धालुओं की बस पलटी, एक की मौत, एक दर्जन से ज्यादा घायल
May 26 2026 6:38AM
2 मिनट का रीड
331848
14





