अररिया। रानीगंज थाना क्षेत्र के भीट्ठा गांव में बीती देर रात एक बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या कर दी गई।
घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और गांव में भय का माहौल पैदा हो गया।
मृतक की पहचान भीट्ठा गांव निवासी 60 वर्षीय बद्री ऋषिदेव, पिता मंगल ऋषिदेव के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बद्री ऋषिदेव अपनी भतीजी बुधनी देवी के घर पर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावरों ने सोए अवस्था में उनका गला रेत दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों द्वारा उन्हें इलाज के लिए पूर्णिया जीएमसीएच ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने बताया कि बुधनी देवी और कुछ लोगों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। वहीं शुक्रवार को बांस काटने को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते हीं अररिया एसडीपीओ सुशील कुमार, रानीगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
बुजुर्ग की गला रेतकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस
May 30 2026 2:14PM
2 मिनट का रीड
367901
11





