BREAKING NEWS

logo

झारखंड मुक्ति मोर्चा ने गाण्डेय के जनादेश का किया अपमान : सुदेश महतो


रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा ने सालों तक गांडेय में 'राज' किया है। क्षेत्र का विकास नहीं खुद का विकास करना झामुमो की प्राथमिकता रही है। विकास झारखंड मुक्ति मोर्चा के शब्दकोश में नहीं है। अब यहां से राजा परिवार चुनाव लड़ने की तैयारी में है। राजा परिवार जहां हाथ रख दे, उस सीट को खाली करनी पड़ती है। अब जनता को तय करना है कि उसे चेहरा चाहिए या काम। उक्त बातें पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने बेंगाबाद, गिरिडीह में आयोजित ग्राम प्रभारी एवं चुल्हा प्रमुख सम्मेलन में कही। उन्होंने कहा कि जनता को बिना बताये यहां के विधायक का इस्तीफा जनादेश का अपमान है। एक परिवार के निजी स्वार्थ और सत्ता की महत्वाकांक्षा का परिणाम है यहां का उपचुनाव। इन्होंने जनता को छलने का काम किया है। इसका जवाब जनता अपने वोट के चोट से देगी। आजसू के पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य को कुशल नेतृत्व देना हमारा लक्ष्य है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए हमारे सभी कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम है। कार्यकर्ता पार्टी द्वारा दी गयी सांगठनिक जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी तन्मयता के साथ करें। मैं भी एक कार्यकर्ता हूं। सांगठनिक मजबूती के आधार पर हम सभी मिलकर गांडेय में  राजनीतिक बदलाव करेंगे उन्होंने कहा कि प्रत्येक 10 चूल्हा का नेतृत्व हमारा चूल्हा प्रमुख कर रहे है। वोटर से नेतृत्वकर्ता बनाने का काम हमने किया है। पार्टी ने पृष्ठभूमि देखकर नहीं उनकी काबिलियत देख कर पार्टी ने गरीब परिवार से आने वाले लोगों को महत्वपूर्ण दायित्व दिया है। हमारे नेता अर्जुन जी के साथ यहां के लोगों का दिल का रिश्ता है।
 डॉ. भीमराव अंबेडकर को किया गया नमन
सम्मेलन से पूर्व सभा स्थल पर पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने संविधान के निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। मौके पर उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने अजीवन शोषितों व वंचितों के हक की लड़ाई लड़ी। उनके विचारों को हम सभी को अपनाने और उनके दिखाए गए रास्ते पर चलने की आवश्यकता है। इस अवसर पर केंद्रीय महासचिव लम्बोदर महतो, उपाध्यक्ष उमाकांत रजक, मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, महासचिव अर्जुन बैठा, नजरूल हसन हासमी एवं तरूण गुप्ता, सचिव वीर विजय प्रधान, देवघर जिलाध्यक्ष आदर्श लक्ष्य, गिरिडीह महिला जिलाध्यक्ष प्रियंका शर्मा, कम्पू यादव, संजय साहू इत्यादि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

Subscribe Now