जगदलपुर / रायपुर । वन मंत्री केदार कश्यप ने आज साेमवार काे जगदलपुर के डिमरापाल स्थित कॉन्टिनेंटल अस्पताल पहुंचकर सड़क दुर्घटना में घायल जवानों से भेंट की और उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। उन्होंने घायल जवानों के परिजनों से भी मुलाकात कर बातचीत की तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
जवानों से मुलाकात के बाद मंत्री कश्यप ने बताया कि सभी जवान कुशल हैं और उनका उपचार जारी है। उन्होंने कॉन्टीनेंटल अस्पताल के एजीएम डॉ. संतोष कुमार सिंह से जवानों के स्वास्थ्य, उपचार एवं रिकवरी की स्थिति को लेकर विस्तार से चर्चा की और बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान महारानी अस्पताल के अधीक्षक डॉ अनुरूप साहू उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि 23 अगस्त को वन मंत्री केदार कश्यप ग्राम फरसागुड़ा, भानपुरी से कोंडागांव में आयोजित कार्यक्रम के लिए रवाना हुए थे। भानपुरी थाना क्षेत्र में कोंडागांव की ओर से आ रही एक स्कॉर्पियो पायलट वाहन को पार करते हुए मंत्री के वाहन के मिरर को छूकर स्पेयर वाहन से टकराई और इसके बाद फॉलो वाहन से जा भिड़ी। दुर्घटना में फॉलो वाहन में सवार चालक एवं पुलिस जवान घायल हो गए थे।
घटना के तत्काल बाद मंत्री श्री कश्यप ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उनके उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित कराई थी। गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर उपचार के लिए जगदलपुर रेफर किया गया था। जहाँ उनका इलाज अभी जारी है।





