चंडीगढ़। चंडीगढ़ पुलिस ने बड़ीa आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस के ऑपरेशन सेल ने केंद्रीय एजेंसी के साथ संयुक्त कार्रवाई में बीकेआई के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लगभग 6 किलोग्राम जिलेटिन स्टिक विस्फोटक, डेटोनेटर, पावर सोर्स, रिमोट से चलने वाला सिस्टम और एक पिस्तौल बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, विदेश में बैठे बीकेआई हैंडलर्स द्वारा रची गई इस साजिश का मकसद चंडीगढ़ में भीड़भाड़ वाली जगह पर आईईडी धमाका कर दहशत फैलाना था।
पुलिस को 22 अगस्त को गुप्त सूचना मिली थी कि पंजाब के तरनतारन के रहने वाले दो युवक लवप्रीत सिंह और जशनप्रीत सिंह विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में हैं और उनके पास भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री है। वे सेक्टर 42/43 इलाके में घूम रहे थे।
इस सूचना पर थाना 36 में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 4(बी) और 5 के तहत एफआईआर नंबर 143 दर्ज की गई और सभी टीमों को अलर्ट पर रखा गया।
जांच के दौरान मानव खुफिया जानकारी और तकनीकी सहायता से 23 अगस्त को तीनों आरोपियों लवप्रीत सिंह, जशनप्रीत सिंह उर्फ जशनदीप और प्रभप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी बीकेआई मॉड्यूल के लिए जमीनी स्तर पर काम कर रहे थे और विदेश में बैठे हैंडलर्स के निर्देशों पर चंडीगढ़ में आतंकी हमला करने की तैयारी में थे।
आरोपियों को अलग-अलग भूमिकाएं सौंपी गई थीं। उनका काम हैंडलर्स के संपर्क में रहना, विस्फोटक सामग्री प्राप्त करना, उसे एक जगह से दूसरी जगह ले जाना, जरूरी पुर्जों का इंतजाम करना और सही टारगेट की पहचान कर आईईडी हमला करना था।
आरोपियों की पहचान लवप्रीत सिंह (19) निवासी गांव सरहाली, तरनतारन, जशनप्रीत सिंह उर्फ जशनदीप (21) निवासी गांव देवबाथ, तरनतारन और प्रभप्रीत सिंह उर्फ प्रभ (19) निवासी गांव तरसिक्का, अमृतसर के रूप में हुई है।
लवप्रीत पेंटर का काम करता था और अनपढ़ है, उसने सोशल मीडिया के जरिए बीकेआई हैंडलर आशु और सत्ता से संपर्क किया था। उस पर पहले से एनडीपीएस एक्ट का एक मामला दर्ज है।
जशनप्रीत 10वीं पास है और प्रभप्रीत 11वीं पास है जो गैस एजेंसी में हेल्पर था। पुलिस ने लवप्रीत से 6 किलो जिलेटिन, जशनप्रीत से डेटोनेटर और रिमोट सिस्टम और प्रभप्रीत से पिस्तौल और 5 कारतूस बरामद किए हैं। आगे की जांच ऑपरेशन सेल कर रही है।





