पंजाब: मुख्यमंत्री भगवंत मान 12वीं कक्षा के टॉपर्स से करेंगे मुलाकात

पंजाब: मुख्यमंत्री भगवंत मान 12वीं कक्षा के टॉपर्स से करेंगे मुलाकात
चंडीगढ़। पंजाब बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में शानदार नतीजों के बाद राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरुवार को टॉप करने वाले छात्रों से मुलाकात करेंगे। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 12वीं कक्षा के नतीजे बुधवार को घोषित किए थे।

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत मान गुरुवार को चंडीगढ़ में 12वीं कक्षा में टॉप करने वाले विद्यार्थियों से मिलेंगे। उन्होंने मंगलवार को 10वीं कक्षा के टॉपर्स से भी मुलाकात की थी। पंजाब बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में पहले तीन स्थानों पर छात्राओं ने बाजी मारी है। मानसा जिले की सुपनीत कौर ने पहला स्थान, लुधियाना जिले की सुहानी चौहान ने दूसरा स्थान और लुधियाना जिले की ही दीवांशी ने तीसरा स्थान हासिल किया। 12वीं कक्षा के नतीजों के बाद बुधवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने छात्रों को बधाई दी।

 उन्होंने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 12वीं कक्षा के नतीजे घोषित कर दिए हैं। यह बड़े गर्व की बात है कि इस बार भी हमारी बेटियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। प्रतिभाशाली छात्राओं समेत परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले सभी विद्यार्थियों, उनके माता-पिता और मेहनती शिक्षकों को मेरी ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। 

बच्चों की यह सफलता तो बस एक शुरुआत है। मुझे पूरा विश्वास है कि आपकी कड़ी मेहनत भविष्य में भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। आगे बढ़ें और देश व राष्ट्र की सेवा में अपना यथोचित योगदान दें।" घोषित नतीजों के अनुसार, इस वर्ष पंजाब बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 91.46 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल हुए हैं, जो पिछले सत्र 2024-2025 की तुलना में 0.46 फीसदी अंक के साथ थोड़ा बेहतर है। पिछले वर्ष 12वीं बोर्ड का उत्तीर्ण प्रतिशत 91 फीसदी दर्ज किया गया था। परीक्षा में इस वर्ष कुल 2,65,417 छात्र शामिल हुए, जिनमें से 2,42,755 छात्र उत्तीर्ण हुए।

 इन स्टूडेंट्स में 1,25,695 लड़कियां और 1,39,716 लड़के थे, जिनमें से 1,19,079 छात्राएं और 1,23,676 छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। बोर्ड में लड़कियों ने बाजी मारते हुए 94.73 प्रतिशत प्राप्त किया है। लड़कों का पास प्रतिशत 88.52 फीसदी दर्ज किया गया है। वहीं, 416 सरकारी स्कूलों ने 12वीं कक्षा में 100 प्रतिश पास रिजल्ट हासिल किया है।

Subscribe Now