24 घंटे में स्वर्ण व्यवसायी लूटकांड का खुलासा, तीन बदमाश गिरफ्तार - लूटे गए आभूषण, बाइक व तमंचा बरामद

24 घंटे में स्वर्ण व्यवसायी लूटकांड का खुलासा, तीन बदमाश गिरफ्तार - लूटे गए आभूषण, बाइक व तमंचा बरामद



मीरजापुर। कछवां थाना क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए आभूषण, घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल, एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस तथा मोबाइल फोन बरामद किया है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह ने मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में पत्रकाराें काे बताया कि 28 जून को कछवां बाजार निवासी स्वर्ण व्यवसायी अजय केशरी ने तहरीर दी थी कि वह जलालपुर स्थित अपनी आभूषण की दुकान बंद कर शाम करीब आठ बजे कछवां बाजार लौट रहे थे। इसी दौरान सबेसर के पास मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उनसे लूट की वारदात को अंजाम दिया। मामले में थाना कछवां पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में घटना के शीघ्र खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना कछवां और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर दो स्थानों से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमन दुबे निवासी ककरा पार, थाना जहांगीरगंज, जनपद अंबेडकरनगर, कपिल यादव निवासी मझवां, थाना कछवां तथा गणेश प्रताप सिंह निवासी बगहा, थाना चुनार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की घटना से संबंधित पांच पायल, दो टॉप्स, एक लॉकेट, एक मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल तथा अमन दुबे के पास से एक देशी तमंचा (.315 बोर) और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पूछताछ में आरोपी अमन दुबे ने बताया कि उसकी मुलाकात अंबेडकरनगर जेल में गणेश प्रताप सिंह से हुई थी। जेल से छूटने के बाद गणेश के बुलाने पर वह मीरजापुर आया, जहां कपिल यादव से मुलाकात हुई। इसके बाद तीनों मिलकर लूट की घटनाओं को अंजाम देने लगे।

पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

लूटकांड के सफल अनावरण में प्रभारी निरीक्षक कछवां अमरजीत चौहान , उप निरीक्षक श्रीनिवास राय थाना कछवां की टीम तथा प्रभारी एसओजी/सर्विलांस निरीक्षक राजीव कुमार सिंह अपनी टीम के साथ शामिल रहे। संयुक्त पुलिस टीम की कार्रवाई से 24 घंटे के भीतर घटना का सफल खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

Subscribe Now