शामली। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में फरार दो बदमाश सोमवार को भोर में उत्तर प्रदेश पुलिस की मुठभेड़ में मारे गए। इन दोनों शूटरों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस इनकी तलाश कर रही थी। मुठभेड़ में दो आरक्षी घायल हैं।
उत्तर प्रदेश के जनपद शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने बताया कि आज सुबह कोतवाली पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध दो व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया। दोनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम के आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों अभियुक्त गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जहां चिकित्सकों की टीम ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
इनकी पहचान मूलरूप से हरियाणा के सोनीपत निवासी मोहित और सुमित के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्त अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल थे। इन दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस को इनके पास से दो पिस्टल और कारतूस बरामद हुआ है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हरियाणा का कुख्यात अपराधी राहुल उर्फ गोलू ने उन्हें पैसे देकर भेजा था। कुछ पैसे और पिस्टल भी दिया था कि शामली में जाएंगे तो उसके दो साथी मिलेंगे। कुल चार लोगों ने मिलकर 26 अगस्त को जिम से बाहर निकलते समय सिंगर अंकित बलियान की हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।
एसपी ने बताया कि हाल में अंकित ने एक वीडियो एलबम बनाया था जिसमें एक गाने के बोल थे, 'कोर्ट के अंदर गोली मरवाऊंगा' इसी के बाद अंकित की हत्या कर दी गई। फिलहाल यह बिन्दु जांच का है, जिस पर पुलिस टीम काम कर रही है। अंकित के पिता का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट हैं। बेटे की हत्या में शामिल जाे आराेपित फरार हैं, उनके साथ भी पुलिस यही कार्रवाई करे।
उत्तर प्रदेश पुलिस के अपर पुलिस महानिदेशक कानून व्यवस्था अमिताभ यश ने एक चैनल काे दिए बयान में कहा है कि शामली कोतवाली के पास अंकित बालियान की हत्या कर दी गई थी। सीसीटीवी फुटेज की जांच और स्थानीय लोगों से पूछताछ से पता चला कि इस घटना में चार शूटर शामिल थे। वे दो मोटरसाइकिलों पर भाग गए।
उनका लगातार पीछा किया गया। आज सुबह, शामली पुलिस के साथ मुठभेड़ में दो शूटर सुमित और मोहित मारे गए। उनके पास से आधुनिक हथियार बरामद हुए। उन्होंने पुलिस पर फायरिंग की, जिससे हमारे दो कॉन्स्टेबल घायल हो गए। बाकी शूटरों और गैंग के सीनियर सदस्यों के बारे में जांच चल रही है। उन सभी को सज़ा दिलाई जाएगी।---------------------





