BREAKING NEWS

स्कूलों में तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाएगा मध्य प्रदेश

स्कूलों में तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाएगा मध्य प्रदेश

भोपाल मध्य प्रदेश के स्कूलों में तीन दिवसीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाया जाएगा।इस मौके पर लीलाओं के मंचन से लेकर नाटक और व्याख्यान भी होंगे। राज्य के लोक शिक्षण संचालनालय के अपर संचालक रविंद्र कुमार सिंह ने सभी जिला अधिकारियों को जन्माष्टमी पर्व मनाने का आदेश दिया है। इस आदेश में बताया गया है कि राज्य के संस्कृति विभाग द्वारा यह आयोजन के निर्देश दिए गए हैं।

शिक्षा विभाग द्वारा तय की गई रूपरेखा के अनुसार तीन दिन तक श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाया जाएगा। यह आयोजन एक सितंबर से तीन सितंबर तक चलेगा, इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, परंपराओ, नैतिक मूल्य एवं सामाजिक समरसता के प्रति विद्यार्थियों में समझ विकसित करना है। 

तीन दिवसीय इस आयोजन में विविध कार्यक्रम होंगे और प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। इस दौरान भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं का मंचन होगा, उनकी शिक्षाओं, गीता ज्ञान और उनसे जुड़े विभिन्न प्रसंगों का नाट्य तथा नृत्य मंचन होगा। इसके साथ ही भगवान श्री कृष्ण से जुड़े भ्रामक मिथकों को तोड़ने के लिए व्याख्यान भी होंगे। 


इस तीन दिवसीय आयोजन में सांदीपनि विद्यालयों में विशेष आयोजन किए जाएंगे, जिसमें सांदीपनि गुरु से जुड़े प्रसंग, गुरु- शिष्य परंपरा आदि पर परिचर्चा होगी और नाट्य मंचन भी किया जाएगा। स्कूलों में श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर मनाया जाने पर भाजपा नेताओं ने प्रसन्नता जाहिर की है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहा कि कृष्ण जन्मोत्सव पर सरकार का निर्णय स्वागत योग्य है, स्कूलों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के आयोजन का मध्यप्रदेश सरकार का निर्णय हमारी सनातन संस्कृति, संस्कारों और श्रीकृष्ण के जीवन मूल्यों से नई पीढ़ी को जोड़ने वाला सराहनीय कदम है।

भगवान श्रीकृष्ण किसी एक वर्ग की आस्था नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और हमारी गौरवशाली परंपरा के प्रतीक हैं।सरकार के इस निर्णय का हम स्वागत एवं समर्थन करते हैं। श्रीकृष्ण के संदेश—धर्म, कर्तव्य और सत्य को विद्यार्थियों तक पहुँचाना समय की आवश्यकता है।

Subscribe Now