नई
दिल्ली।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ओडिशा में लोकसभा
चुनाव अकेले लड़ेगी। लोकसभा की सभी 21 और विधानसभा की सभी 147 सीटों पर
भाजपा अकेले चुनाव लड़ेगी। शुक्रवार को ओडिशा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन
सामल ने एक्स पर कहा कि विगत 10 वर्षों से नवीन पटनायक के नेतृत्व में
ओडिशा की बीजू जनता दल (बीजेडी) पार्टी केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के
अनेक राष्ट्रीय महत्व के प्रसंगों में समर्थन देती आई है, इसके लिए हम उनका
आभार व्यक्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि देशभर में जहां भी डबल
इंजन की सरकार रही है, वहां विकास व गरीब कल्याण के कार्यों में तेजी आई है
और राज्य हर क्षेत्र में आगे बढ़े हैं। इसके बावजूद आज ओडिशा में मोदी
सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाएं जमीन पर नहीं पहुंच पा रही हैं, जिससे
ओडिशा के गरीब बहनों-भाइयों को उनका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ओडिशा-अस्मिता, ओडिशा-गौरव और ओडिशा के लोगों के हित से जुड़े अनेक विषयों
पर हमारी चिंताएं हैं। उन्होंने कहा कि 4.5 करोड़ ओडिशावासियों की आशा,
अभिलाषा और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के
दूरदर्शी नेतृत्व में विकसित भारत तथा विकसित ओडिशा बनाने के लिए भाजपा इस
बार लोकसभा की सभी 21 सीटों और विधानसभा की सभी 147 सीटों पर अकेले चुनाव
लड़ेगी।
भाजपा सांसद अपराजिता सारंगी ने मनमोहन सामल के ट्वीट का
समर्थन करते हुए कहा कि हम सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेंगे। 21
लोकसभा और 147 राज्य विधानसभा क्षेत्रों में हम निश्चित रूप से इस चुनाव
में बहुत अच्छा प्रदर्शन करेंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं में बहुत ऊर्जा है,
बहुत उत्साह है और काम के प्रति बहुत जुनून है। उन्होंने इस सही निर्णय के
लिए व्यक्तिगत रूप से सभी पार्टी नेताओं का आभार व्यक्त किया।
उल्लेखनीय
है कि 2019 के चुनाव में भाजपा ने ओडिशा की कुल 21 में से 8 सीटें जीती
थीं। बीजेडी को 12 सीटों पर जीत मिली थी। एक सीट कांग्रेस के खाते में गई
थी।