भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के करोंद इलाके में मंगलवार देर रात एक घर में लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। निशातपुरा थाना क्षेत्र स्थित कोरल कासा बंगलो के एक मकान में अचानक आग भड़क उठी। आग लगने के कुछ ही देर बाद एयर कंडिशनर (एसी) में जोरदार ब्लास्ट हुआ, जिससे लपटें तेजी से पूरे घर में फैल गईं। घटना में घर का लगभग पूरा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि समय रहते परिवार के सदस्य बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रात करीब 10 बजे घर से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इसी दौरान एसी में तेज धमाका हुआ, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घर में मौजूद परिवार ने हालात बिगड़ते देख तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर फाइटर पंकज यादव और उनकी टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय पार्षद लकी राय और कॉलोनी के रहवासियों ने भी आग बुझाने में मदद की। रहवासियों ने पानी और अन्य संसाधन उपलब्ध कराए, जिससे आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोका जा सका।
आग इतनी भीषण थी कि घर के अंदर रखा फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, कपड़े और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल गया। आग की चपेट में आने से मकान के कई हिस्सों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
फायर ब्रिगेड की प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार बिजली से जुड़े हिस्से में स्पार्किंग के बाद आग लगी, जो एसी ब्लास्ट के कारण तेजी से फैल गई। फायर फाइटर पंकज यादव ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। दमकल टीम ने समय रहते आग पर काबू पाकर आसपास के घरों को भी सुरक्षित किया। एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए इलाके की बिजली सप्लाई भी बंद रखी गई।
भोपाल के करोंद में भीषण आग, एसी में हुआ जोरदार ब्लास्ट, मिनटों में घर जलकर खाक
May 27 2026 7:45AM
3 मिनट का रीड
129152
15





