झारखंड अधिविद्य परिषद् ने जारी किया मदरसा परीक्षा 2026 का कार्यक्रम

झारखंड अधिविद्य परिषद् ने जारी किया मदरसा परीक्षा 2026 का कार्यक्रम
रांची: झारखंड अधिविद्य परिषद् ने मदरसा परीक्षा 2026 (वस्तानियां से मौलवी तक) का विस्तृत कार्यक्रम और दिशा-निर्देश जारी कर दिया है। परिषद द्वारा जारी विज्ञप्ति संख्या 35/2026 के अनुसार राज्यभर में मदरसा परीक्षाएं 16 जून से 23 जून 2026 तक आयोजित होंगी। परीक्षा दो पालियों में ली जाएगी। प्रथम पाली सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी।

परीक्षा के पहले दिन 16 जून को प्रथम पाली में ‘दिनियात-I’ और द्वितीय पाली में ‘दिनियात-II’ की परीक्षा आयोजित होगी। इसके बाद अरबी, फारसी, उर्दू, हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान एवं तारीखे इस्लाम समेत विभिन्न विषयों की परीक्षाएं निर्धारित तिथियों पर संपन्न कराई जाएंगी। मौलवी स्तर के छात्रों के लिए वाणिज्य, मनोविज्ञान, राजनीतिशास्त्र, समाजशास्त्र और अर्थशास्त्र जैसे वैकल्पिक विषयों की परीक्षाएं भी आयोजित की जाएंगी।

परिषद ने बताया कि सभी मदरसा प्रधान 8 जून से परिषद की आधिकारिक वेबसाइट  [JAC Official Website](https://jac.jharkhand.gov.in?utm_source) से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराएंगे। वहीं रोल शीट एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से 10 जून से 12 जून के बीच वितरित किए जाएंगे।

मुख्य परीक्षा के बाद 24 जून से 2 जुलाई तक संबंधित मदरसों में प्रायोगिक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसके लिए प्रश्न पत्र एवं ब्लैंक मार्क्स फाइल 20 जून तक परिषद कार्यालय से प्राप्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

Subscribe Now