रांची। रांची जिला प्रशासन ने सार्वजनिक स्थलों पर अड्डाबाजी, नशापान और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अपना अभियान तेज कर दिया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कुमार रजत के नेतृत्व में अरगोड़ा थाना क्षेत्र में व्यापक जांच और निरीक्षण अभियान संचालित किया गया।
मंगलवार देर रात चलाए गए अभियान के तहत अरगोड़ा मैदान, हरमू मैदान, अरगोड़ा चौक, हरमू स्थित शराब दुकान तथा आसपास के इलाकों में सघन जांच की गई। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों पर बिना किसी कारण एकत्रित लोगों की पहचान कर उनसे पूछताछ की गई और उन्हें सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर युवाओं के समूह अनावश्यक रूप से जमा मिले। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस टीम ने ऐसे युवाओं को सार्वजनिक स्थानों पर अड्डाबाजी नहीं करने, नशापान से दूर रहने तथा कानून और सामाजिक जिम्मेदारियों का पालन करने की सलाह दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक शांति-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर अनावश्यक जमावड़ा, नशापान और असामाजिक गतिविधियां आम नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन सकती हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ऐसे मामलों पर लगातार नजर बनाए हुए है और आगे भी नियमित रूप से विशेष अभियान चलाकर स्थिति की निगरानी की जाएगी।
अभियान के दौरान अरगोड़ा थाना प्रभारी सहित पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम मौजूद रही। टीम ने क्षेत्र में लोगों से संवाद स्थापित कर उन्हें कानून का पालन करने और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश भी दिया।
जिला प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे रांची को सुरक्षित, स्वच्छ और शांतिपूर्ण बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही किसी भी संदिग्ध, अवांछित या कानून-विरुद्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस अथवा प्रशासन को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन का मानना है कि नागरिकों के सहयोग और नियमित निगरानी के माध्यम से सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है, जिससे शहर में सुरक्षा और शांति का माहौल और मजबूत होगा।-
रांची जिला प्रशासन का सार्वजनिक स्थलों पर अड्डाबाजी और नशापान के खिलाफ अभियान
Jun 3 2026 8:09AM
3 मिनट का रीड
392658
41





