पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र में बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब लोहे की पाइप लेकर जा रहा एक भारी ट्रक अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरा। यह दुर्घटना डुमरिया-कोवाली मुख्य मार्ग पर बादलगोड़ा और बोमरो गांव के बीच स्थित होरगाडा पुलिया के पास हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक तेज रफ्तार में पुलिया से गुजर रहा था, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। संतुलन बिगड़ते ही ट्रक सड़क से नीचे जा गिरा। हादसे के समय ट्रक में चालक और खलासी मौजूद थे। दुर्घटना के बावजूद दोनों सुरक्षित बच निकले, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई। घटना के बाद दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।
हादसे की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर पहुंच गए। पुल के नीचे पड़े ट्रक को देखने के लिए काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने चालक और खलासी की कुशलक्षेम जानने के साथ उन्हें हरसंभव सहायता भी उपलब्ध कराई।
ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए सड़क की जर्जर स्थिति को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि कोवाली-डुमरिया सड़क का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है और कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। खराब सड़क के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है और अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने तथा मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
अनियंत्रित ट्रक पुल के नीचे गिरा, बाल-बाल बचे चालक-खलासी
Jun 3 2026 8:08AM
2 मिनट का रीड
391295
23





