BREAKING NEWS

सारण के नगरा में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा

सारण के नगरा में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा
छपरा। सारण जिले के नगरा प्रखंड क्षेत्र के फिरोजपुर गांव में बुधवार को उस समय अफरा- तफरी मच गई,जब एक युवती गांव स्थित मोबाइल टावर पर चढ़कर बैठ गई.घटना की सूचना मिलते ही आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. देखते ही देखते घटनास्थल पर हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी.जानकारी के अनुसार फिरोजपुर निवासी स्वर्गीय रवीन्द्र राम की 25 वर्षीय पुत्री ममता कुमारी मोबाइल टावर पर चढ़ गई और काफी ऊंचाई पर जाकर बैठ गई.सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया.मौके पर नगरा बीडीओ अनुभव कुमार, खैरा थानाध्यक्ष अखिलेश पासवान, स्थानीय मुखिया अशोक साह, ललित प्रसाद यादव,समाजसेवी मोती लाल राय ,सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग पहुंचे.ग्रामीणों के अनुसार युवती का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था.बताया जाता है कि उक्त युवक की बुधवार को शादी होने वाली थी,जिससे आहत होकर युवती टावर पर चढ़ गई. हालांकि प्रशासन की ओर से इस कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.करीब कई घंटों तक अधिकारियों,जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों द्वारा युवती को समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया.इस दौरान युवती अपनी कुछ मांगों को लेकर अड़ी रही.अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों ने उसकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई और समाधान का आश्वासन दिया.इसके बाद युवती टावर से नीचे उतरने को तैयार हुई.

Subscribe Now