15 अगस्त तक जमीन का पर्चा देने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस का प्रदर्शन
सुपौल। रेलवे किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद बेघर हुए भूमिहीन परिवारों को शीघ्र जमीन का पर्चा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सोमवार को युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा अपने समर्थकों और प्रभावित परिवारों के साथ अंचल कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अंचलाधिकारी को मांगपत्र सौंपकर पात्र परिवारों को समय सीमा के भीतर वासभूमि उपलब्ध कराने की मांग की।
लक्ष्मण कुमार झा ने कहा कि रेलवे किनारे वर्षों से रह रहे कई भूमिहीन परिवार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद बेघर हो गए हैं। ऐसे परिवारों के सामने आवास और आजीविका का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने पहले आश्वासन दिया था कि 15 अगस्त तक सभी पात्र भूमिहीन परिवारों को जमीन का पर्चा उपलब्ध करा दिया जाएगा।
उन्होंने प्रशासन से अपने आश्वासन का पालन करने की मांग करते हुए कहा कि यदि 15 अगस्त तक प्रभावित परिवारों को जमीन का पर्चा नहीं मिला, तो युवा कांग्रेस भूमिहीन परिवारों के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन शुरू करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।ज्ञापन सौंपने के दौरान शिव ठाकुर, कंचन देवी, अर्चना देवी, लाल देवी, गुंजन देवी, सविता देवी, मिश्री लाल सदा सहित कई भूमिहीन परिवार और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।





