सीवान। जिले में बड़हरिया थाना क्षेत्र के पुरैना गांव में बुधवार की रात रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एक युवक को कथित तौर पर ससुराल बुलाकर पहले बेरहमी से पीटा गया और फिर उसके शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने का प्रयास किया गया।
घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। घायल युवक की पहचान बालापुर निवासी नंदकिशोर रावत के पुत्र आदित्य कुमार रावत के रूप में हुई है।
गंभीर रूप से झुलसे आदित्य ने बताया कि उसकी शादी पुरैना गांव में तय हुई है। बुधवार की सुबह होने वाले ससुराल से फोन कर उसे गांव बुलाया गया था। वह सीवान से, जहां वह काम करता है, दोपहर करीब तीन बजे पुरैना पहुंचा।
आरोप है कि रात करीब साढ़े ग्यारह बजे आधा दर्जन लोगों ने उसे घेर लिया। पहले उसकी जमकर पिटाई की गई, फिर शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई। आग की लपटों में घिरा युवक किसी तरह खुद को बचाकर मौके से भागा और गंभीर हालत में घर पहुंचा।
परिजनों ने आनन-फानन में उसे सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज शुरू हुआ। हालांकि इलाज के दौरान ही परिजन डॉक्टर की सलाह के बिना अस्पताल से चले गए। घटना के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। सवाल उठ रहा है कि आखिर युवक को बुलाकर इतनी खौफनाक वारदात को क्यों अंजाम दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ससुराल बुलाकर युवक को जिंदा जलाने की कोशिश, आधी रात बना खौफ का मंजर
May 28 2026 6:12AM
2 मिनट का रीड
244636
25





