फेसबुक और इंस्टाग्राम की पेरेंट कंपनी मेटा ने AI की रेस में बहुत बड़ा दांव खेला है और इस दांव की कमान एक भारतीय मूल के दिग्गज को सौंपी है। मेटा के CEO मार्क जकरबर्ग ने खुद अपने X पोस्ट में ऐलान किया है कि कंपनी एक नया बिजनेस शुरू कर रही है जिसका नाम है - Meta Enterprise Platform और इसे लीड करेंगे भारतीय मूल के सीईओ चिरंतन "सीजे" देसाई। सीजे देसाई को मेटा में Chief Enterprise Platform Officer बनाया गया है और वो सीधे मार्क जकरबर्ग को रिपोर्ट करेंगे। यह अपने आप में बहुत बड़ी बात है क्योंकि मेटा में जकरबर्ग को सीधे रिपोर्ट करने वाले चुनिंदा लोग ही हैं।
सीजे देसाई का जन्म भारत में हुआ और वो बेंगलुरु में पले-बढ़े। 1993 में वो अपने परिवार के साथ अमेरिका शिफ्ट हो गए। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनोइस अर्बाना-शैंपेन से कंप्यूटर साइंस में मास्टर्स और MBA किया। टेक इंडस्ट्री में उनका 25 साल से ज्यादा का अनुभव है। मेटा में आने से पहले वो दुनिया की बड़ी डेटाबेस कंपनी MongoDB के CEO और President थे। उन्होंने नवंबर 2024 में MongoDB का CEO पद संभाला था। इससे पहले वो Cloudflare में President of Product and Engineering रहे और उससे पहले 8 साल तक ServiceNow में President और COO जैसे बड़े पदों पर रहे। Symantec और EMC जैसी कंपनियों में भी उन्होंने लीडरशिप रोल निभाया है।
जकरबर्ग ने उन्हें सीधे ऑफर दिया और उन्होंने MongoDB जैसी बड़ी कंपनी का CEO पद छोड़कर मेटा जॉइन कर लिया। उनके जाने की खबर आते ही MongoDB का शेयर 25% तक गिर गया। अब तक मेटा AI के मामले में ChatGPT और Google से पिछड़ता दिख रहा था। लेकिन 8 सितंबर को मेटा ने अपना पर्सनल AI एजेंट Muse लॉन्च किया, जो लॉन्च होते ही iOS App Store पर ChatGPT को पछाड़कर नंबर 1 बन गया। अब जकरबर्ग उसी AI को कंपनियों को बेचना चाहते हैं। Meta Enterprise Platform इसी के लिए बनाया गया है। इसके तहत मेटा अपनी पूरी AI टेक्नोलॉजी कंपनियों को देगा, जिसमें शामिल हैं: Muse Agent पर्सनल AI जो ईमेल भेजने, ट्रैवल बुक करने जैसे काम करता है। Meta Business Agent - जो WhatsApp, Instagram और Messenger पर 1 मिलियन से ज्यादा बिजनेस पहले से इस्तेमाल कर रहे हैं। Muse API और Muse Code डेवलपर्स के लिए कोडिंग टूल है।
जकरबर्ग ने कहा, "आज हम अपने बिजनेस के अगले बड़े पिलर की शुरुआत कर रहे हैं। मेटा के पास एडवांस मॉडल, लीडिंग एजेंट और बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर है, जो बहुत कम कंपनियों के पास है।" सीजे देसाई ने कहा, "AI आने वाले सालों में कंपनियों के काम करने के तरीके को पूरी तरह बदल देगा। हमारा लक्ष्य मेटा को वो जगह बनाना है जहां एंटरप्राइजेज अपने बिजनेस को स्केल करने आते हैं।" यह साफ है कि मेटा अब सिर्फ सोशल मीडिया कंपनी नहीं, बल्कि OpenAI, Microsoft और Amazon को टक्कर देने वाली Enterprise AI कंपनी बनना चाहती है, और इस जंग का सेनापति एक भारतीय को बनाया गया है।