logo

झारखंड में रह रहे 10 पाकिस्तानी नागरिकों को वापस फिलहाल नहीं भेजा जाएगा


रांची। झारखंड में पाकिस्तान के 10 नागरिक निवास कर रहे हैं, जिनमें तीन नाबालिग हैं। ये नागरिक झारखंड की राजधानी रांची, धनबाद, जमशेदपुर और हजारीबाग में मौजूद हैं।

सूत्रों के अनुसार 10 में से सात पाकिस्तानी नागरिकों को लॉन्ग टर्म वीजा प्राप्त है जबकि तीन पाकिस्तानी नागरिक नाबालिग हैं। तीनों फिलहाल वीजा पर अपने ननिहाल में रह रहे हैं।

विदेशी नागरिकों का मामला देखने वाले एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने यह निर्देश दिया है कि लॉन्ग टर्म वीजा वाले पाकिस्तानी नागरिकों को वापस पाकिस्तान फिलहाल नहीं भेजा जाएगा। उन्होंने बताया कि जो सात पाकिस्तानी नागरिक लॉन्ग टर्म वीजा पर यहां रह रहे हैं। वे फिलहाल पाकिस्तान वापस नहीं जाएंगे।

वहीं 10 में से तीन पाकिस्तानी नागरिक दो से लेकर 10 साल के बच्चे हैं। तीनों हाल में ही पाकिस्तान के कराची से रांची आए हैं। क्योंकि तीनों नाबालिग हैं और जिस तरह से भारत और पाकिस्तान के बीच तनातनी चल रही है। ऐसे में भारत में रह रही तीनों बच्चों की मां को फिलहाल पाकिस्तान जाने का वीजा नहीं मिलेगा। वहीं उनके पिता को भी पाकिस्तान से भारत आने का वीजा नहीं मिल पाएगा। ऐसे में तीनों बच्चे अकेले पाकिस्तान कैसे जाएंगे, यह बड़ा सवाल है। इस मामले पर झारखंड सरकार का गृह विभाग ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से मंतव्य मांगा है। केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से दिए गए निर्देश के अनुसार तीनों बच्चों को भारत में रहना है या पाकिस्तान भेजना है इस पर फैसला लिया जाएगा।

राजधानी रांची में रहने वाली तीन लड़कियों की शादी पाकिस्तान में हुई है। तीनों लड़कियां लॉन्ग टर्म वीजा के अनुसार झारखंड में निवास कर रही हैं, लेकिन उनके बच्चे गर्मी की छुट्टियों में पाकिस्तान से झारखंड आए हुए हैं।

Subscribe Now