नई दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज कहा कि विकसित भारत का रास्ता दिल्ली से होकर ही गुजरेगा। सरकार लगातार एक लक्ष्य ‘विकसित दिल्ली’ के साथ काम कर रही है। देश की राजधानी होने के साथ ही पूरे देश को दिल्ली से अपेक्षाएं हैं। दिल्ली एक ऐसा शहर है जिसे मिनी इंडिया के तौर पर जाना जाता है।
उन्होंने कहा कि सैकड़ों सपने बुनते हुए देश के अलग-अलग कोनों से आए हुए लोगों का दिल्ली अपना घर है। इसलिए दिल्ली में अब हर राज्य का दिवस मनाया जाएगा यह भाजपा की नई सरकार ने फैसला लिया है ताकि यहां रहने वाले लोग अपनी संस्कृति से जुड़कर गौरवांवित हो सके।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा आज कंस्टीट्यूशन क्लब में रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी द्वारा आयोजित विकसित भारत डायलॉग में शामिल हुए। पूर्व राज्यसभा सांसद डॉक्टर विनय सहस्त्रबुद्धे की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली के इंफ्लुएंसर शामिल हुए। सभी ने विकसित दिल्ली के लिए सरकार की विजन को रखा और बताया कि कैसे विकसित भारत बनाने में दिल्ली का क्या योगदान होगा।
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में विकास कार्य भी जीरो से शुरू किया जा रहा है क्योंकि पिछली सरकारों ने ना नाली साफ़ कराई और ना सड़कों के गढ्ढे भरे।
उन्होंने कहा कि आज अस्पतालों में दवाई नहीं मशीन नहीं, इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं और उसके बाद आयुष्मान योजना नहीं लागू होने दी। आज इस योजना के माध्यम से 6.50 लाख परिवारों को 30 हजार से ज्यादा अस्पतालों में चाहे वह दिल्ली में हो या फिर दिल्ली से बाहर की अस्पताल हो वहां 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करा सकते हैं। इसलिए दिल्ली के लोग अब सरल और मुफ्त इलाज कराया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को लंदन पेरिस और टोक्यों नहीं बल्कि दिल्ली को दिल्ली बनाना है ताकि दिल्लीवाले को बेहतर सुविधा और साफ़ हवा मिल सके। इसके लिए दिल्ली सरकार लगातार काम कर रही है।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पिछले 11 सालों से विकसित भारत बनाने की जो प्रक्रिया शुरू हुई है वह चाहे अरुणाचल प्रदेश हो, उत्तर प्रदेश हो असम हो या फिर अन्य कोई राज्य सबको एक सूत्र में बंधने की जरुरत है।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि पिछले 11 साल में देखे तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्टार्टअप से लेकर स्किल इंडिया की बात की थी तो उस वक्त हमें भी नहीं समझ आया लेकिन आज उसका परिणाम हम सब के सामने हैं। इसलिए 11 वर्षों में जो कुछ भी हुआ है उससे देश का सम्मान बढ़ा है और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत को सम्मान मिला है।
दिल्ली मिनी इंडिया, मनायेगी हर राज्य का दिवस : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता
