Rashtriya Sagar

अब खेतों में सालभर रहेगा पानी, तीन बार फसल उपजा सकेंगे किसान : चम्पाई सोरेन


अब खेतों में सालभर रहेगा पानी, तीन बार फसल उपजा सकेंगे किसान : चम्पाई सोरेन


सरायकेला,। मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन ने रविवार को सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर प्रखंड स्थित मतकमबेड़ा ग्राम में लाभुकों के बीच 54 करोड़ 42 लाख 46 हजार 498 रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया। साथ ही 7000.759 लाख रुपये की 22 योजनाओं का उद्घाटन और 16709.805 लाख रुपये की लागत वाली 160 योजनाओं की आधारशिला रखी।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद ग्राम मतकमबेड़ा गांव को आदर्श गांव बनाएंगे। हमारे युवा वर्ग घर, समाज और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण कड़ी हैं। आज मैं यहां के युवा वर्ग से अपील करता हूं कि वे नशा पान से दूर रहें। नशा मुक्त समाज का निर्माण हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। नशा नाश का कारण बनता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार आपकी आशा, आकांक्षा और विश्वास पर खरा उतारने का हरसंभव प्रयास कर रही है। जनहित से जुड़े कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। सरकार की कल्याणकारी योजनाएं धरातल पर उतरें, इसके लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। अब राज्य के किसानों के खेत में सालभर पानी रहेगा। वर्षभर खेत-खलियान हरा-भरा रहेंगे। अब राज्य के किसान वर्ष में तीन बार फसल उपजा सकें, इस निमित्त कई बड़ी सिंचाई परियोजनाओं का कार्य प्रगति पर है।

बुनियादी व्यवस्था को मजबूत करना प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम जल्द ही बुनियादी व्यवस्था को मजबूत करेंगे और झारखंड प्रदेश को अग्रणी राज्यों में शामिल करेंगे। अब प्रदेश के हर पंचायत में ऐसी व्यवस्था लागू करने जा रहे हैं, जहां 24 घंटे दवाइयां उपलब्ध होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के आदिवासी, दलित, मजदूर, किसान, अल्पसंख्यक सहित सभी वर्ग-समुदाय के बच्चे-बच्चियों को गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ हमारी सरकार दे रही है। अब हमारे बच्चों की पढ़ाई पैसों के कारण नहीं रुकेगी। हमारी सरकार शिक्षा व्यवस्था को निरंतर सुदृढ़ करने हेतु प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षित समाज से ही विकसित राज्य का निर्माण किया जा सकेगा।

इस अवसर पर मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री दीपक बिरुआ, आयुक्त कोल्हान प्रमंडल हरि प्रसाद केसरी, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा एवं जिले के उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक समेत तमाम पदाधिकारीगण मौजूद थे।

Subscribe Now