आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की टीम ने भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए वैशाली और पटना के कुल तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। इसके तहत वैशाली स्थित उनके पैतृक आवास पर भी दबिश दी गई है। आरोपी कमलेश कुमार पर उनकी वैध आय से 3 करोड़ 12 लाख 51 हजार रुपए अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है, जो उनकी कुल आय से लगभग 103 प्रतिशत ज्यादा है।
पटना और वैशाली में रेड, राजीव नगर में लटका मिला ताला: EOU की 12 सदस्यीय टीम मंगलवार सुबह करीब 7 बजे पटना के राजीव नगर स्थित 'मेघा 25/C' आवास पर पहुंची। हालांकि, घर पर ताला बंद मिलने के कारण टीम पिछले साढ़े 4 से 5 घंटों से बाहर ही इंतजार कर रही है। यह मकान जी+5 (G+5) मंजिला है। टीम द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है और कागजी कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज: इस पूरी कार्रवाई को लेकर EOU थाना में 21 सितंबर 2026 को कांड संख्या 24/26 दर्ज किया गया है। अधिकारियों के अनुसार यह मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(2) सहपठित धारा 13 (1) (बी) के तहत दर्ज किया गया है। टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में संपत्ति कहां-कहां और किस रूप में निवेश की गई है। इस बड़ी कार्रवाई से भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।