Rashtriya Sagar

कोल वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत


कोल वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत

चतरा। तेज रफ्तार कोल वाहन ने बाईक सवार युवक को चपेट में ले लिया। दुर्घटना में युवक की मौत हो गई। जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के पदमपुर पंचायत अंतर्गत बुकरु निवासी गौतम सिंह के पुत्र रामप्रवेश सिंह टंडवा से सोमवार दोपहर वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान आम्रपाली के बिंगलात स्थित गेट के समीप कोल वाहन ने युवक को चपेट में ले लिया। घटना के बाद कोल वाहन युवक को बाइक सहित घसीटते हुए सौ मीटर से अधिक दूरी तक अपने साथ ले गया। मानवता का परिचय देते हुए टंडवा प्रमुख रीना देवी ने अपने वाहन से घायल को अस्पताल पहुंचाया।

मृतक टीवीएस क्रेडिट नामक कंपनी में लोन रिकवरी एजेंट का काम करता था। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आम्रपाली एक नम्बर गेट को जाम कर दिया, जिससे आम्रपाली से कोयला ढुलाई ठप हो गई। मृतक के आश्रित को 25 लाख मुआवजा, मृतक की पत्नी को नौकरी, इंट्री गेट पर गार्ड की व्यवस्था एवं सीसीटीवी लगवाने की मांग पर परिजन और ग्रामीण अड़े हुए थे। बीडीओ देवलाल उरांव लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास कर रहे थे। समाचार लिखे जाने तक कोयला डिस्पैच पूरी तरह ठप था।

Subscribe Now