BREAKING NEWS

बोर्डिंग स्कूल में सिख बच्चे से रैगिंग, जत्थेदार ने जताया विरोध

बोर्डिंग स्कूल में सिख बच्चे से रैगिंग, जत्थेदार ने जताया विरोध

चंडीगढ़,। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में स्थित एक बोर्डिंग स्कूल में सिख छात्र के साथ कथित रैगिंग की घटना को लेकर श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर सवाल उठाए हैं।

जत्थेदार ने कहा कि स्कूलों में बच्चों को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रबंधन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी छात्र के साथ डराने, अपमानित करने या प्रताड़ित करने वाला व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं का बच्चों के मानसिक और शैक्षणिक जीवन पर गहरा असर पड़ सकता है। ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने बताया कि उन्होंने पीड़ित छात्र और उसके परिवार से संपर्क कर उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली है। उन्होंने परिवार को हौसला देते हुए कहा कि इस कठिन समय में श्री अकाल तख्त साहिब उनके साथ खड़ा है और उन्हें चढ़दी कला में रहने का संदेश दिया गया है।

जत्थेदार के अनुसार पीड़ित छात्र के परिवार की ओर से शिकायत दिए जाने के बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। रैगिंग के आरोपों से जुड़े लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई है। जत्थेदार ने स्कूल प्रशासन की भूमिका पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि छात्र के अभिभावकों की ओर से प्रिंसिपल के खिलाफ भी शिकायतें सामने आई हैं। उनका कहना है कि यदि स्कूल प्रमुख अपने संस्थान में अनुशासन और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर पा रहा है तो उसके पद पर बने रहने को लेकर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

मामले को लेकर जत्थेदार ने स्कूल प्रबंधन से बातचीत कर मौजूदा प्रिंसिपल को बदलने की मांग रखी। उन्होंने बताया कि स्कूल प्रशासन ने उन्हें आश्वासन दिया है कि एक सप्ताह के भीतर प्रिंसिपल में बदलाव कर दिया जाएगा।

Subscribe Now