BREAKING NEWS

पूर्वी सिंहभूम में नशे-हथियारों के खिलाफ कार्रवाई, 67 आरोपी पकड़े गए

पूर्वी सिंहभूम में नशे-हथियारों के खिलाफ कार्रवाई, 67 आरोपी पकड़े गए

पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने जुलाई और अगस्त 2026 में नशे के अवैध कारोबार, अवैध हथियारों की तस्करी और सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान नशीले पदार्थों और हथियारों से जुड़े मामलों में कुल 67 आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। पुलिस ने 133.9 किलोग्राम गांजा, 108.6 ग्राम ब्राउन शुगर, 10 देशी हथियार और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय की ओर से मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस ने अपने आसूचना और सूचना तंत्र को मजबूत करते हुए विशेष अभियान चलाया। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 18 मामले दर्ज किए गए। इनमें 36 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई करना था। अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान में 10 मामले दर्ज कर 31 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 10 देशी हथियार और 15 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने कहा कि अवैध हथियारों के जरिए आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए भी व्यापक जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 2000 से अधिक लोगों की जांच की गई और अड्डेबाजी में संलिप्त पाए गए 787 लोगों को पीआर बांड पर रिहा किया गया।

पुलिस ने कहा है कि अपराध नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत अभियान लगातार जारी रहेगा।

Subscribe Now