BREAKING NEWS

अशोक चट्टोपाध्याय पर पुलिस की कार्रवाई, कई मामलों में गिरफ्तारी

अशोक चट्टोपाध्याय पर पुलिस की कार्रवाई, कई मामलों में गिरफ्तारी


उत्तर 24 परगना।

पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में बुधवार को नैहाटी नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन और तृणमूल कांग्रेस नेता अशोक चट्टोपाध्याय को पुलिस ने उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, उनके खिलाफ वर्ष 2025 में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट, घरों में तोड़फोड़, महिला से छेड़छाड़, दंगा भड़काने की कोशिश और अन्य आपराधिक मामलों में शिकायतें दर्ज हैं। कुछ दिन पहले उनके बेटे को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में सत्ता परिवर्तन के पश्चात कई नगरपालिकाओं में प्रशासनिक गतिरोध की स्थिति पैदा हो गई थी। नैहाटी नगरपालिका में भी तत्कालीन चेयरमैन अशोक चट्टोपाध्याय सहित कई पार्षदों ने कार्यालय आना बंद कर दिया था, जिससे नगरपालिका का कामकाज प्रभावित हुआ।

बताया जाता है कि मई में अशोक चट्टोपाध्याय एक बार नगरपालिका पहुंचे थे, जहां उनके खिलाफ प्रदर्शन हुआ। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने उन्हें घेर लिया और उन्हें कार्यालय से बाहर जाने के लिए मजबूर कर दिया। इस दौरान कुछ नगरपालिका कर्मचारियों के साथ भी मारपीट की गई थी।

बाद में अशोक चट्टोपाध्याय ने नगरपालिका के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया था।

Subscribe Now