टेल्को में चोरी की बड़ी वारदात, ताला तोड़ लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ

टेल्को में चोरी की बड़ी वारदात, ताला तोड़ लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ

जमशेदपुर। टेल्को थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक बंद पड़े क्वार्टर का ताला तोड़कर करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना रोड नंबर-2 स्थित क्वार्टर नंबर-3 की है, जहां टाटा मोटर्स के कर्मचारी मोहम्मद रिजवान अपने परिवार के साथ रहते हैं।

पुलिस के अनुसार, मोहम्मद रिजवान अपने परिवार के साथ मानगो के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित अपने दूसरे आवास पर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर सूना पाकर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और भीतर प्रवेश कर गए। इसके बाद उन्होंने पूरे घर की तलाशी ली तथा अलमारी में रखे करीब तीन लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर फरार हो गए।

सोमवार को जब मोहम्मद रिजवान अपने परिवार के साथ कंपनी के क्वार्टर पर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी। जांच करने पर उसमें रखे गहने और नकदी गायब मिले। इसके बाद परिजनों ने तत्काल टेल्को थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।------------

Subscribe Now