BREAKING NEWS

पशु चिकित्सालय में सुविधाओं की कमी, खतरे के बीच काम कर रहे कर्मचारी

पशु चिकित्सालय में सुविधाओं की कमी, खतरे के बीच काम कर रहे कर्मचारी


अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के विकासखंड मैनपाट अंतर्गत ग्राम राजापुर स्थित शासकीय पशु चिकित्सालय बदहाली के दौर से गुजर रहा है। दशकों पुराने इस भवन में लंबे समय से मरम्मत और रखरखाव न होने के कारण स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी है। बारिश के मौसम में छत से लगातार होने वाले सीपेज के चलते जगह-जगह से प्लास्टर टूटकर गिर रहा है, जिससे यहां कभी भी कोई बड़ा और जानलेवा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।

बरसात के दिनों में अस्पताल भवन की स्थिति अत्यधिक दयनीय हो जाती है। छतों से पानी टपकने के कारण पूरे परिसर में जलभराव हो जाता है, जिससे कक्षों के भीतर बैठना तक दूभर हो जाता है। बारिश थमने के बाद सीपेज से कमजोर हुआ प्लास्टर अचानक भरभराकर गिरने लगता है। इस खतरे को देखते हुए कई बार चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को अस्पताल भवन से बाहर खुले में बैठकर सेवाएं देनी पड़ती हैं।

पशु चिकित्सक डॉ. अनीस भगत ने बताया कि, भवन की इस खतरनाक स्थिति को लेकर क्षेत्रीय विधायक और उच्चाधिकारियों को कई बार लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद अब तक मरम्मत अथवा नए भवन के निर्माण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। प्रशासनिक अनदेखी के चलते यहाँ पदस्थ अधिकारी और कर्मचारी हर दिन अपनी जान हथेली पर रखकर ड्यूटी करने को मजबूर हैं।

---------------

Subscribe Now