सुपौल। जिले के किशनपुर प्रखंड में कोसी तटबंध के अंदर जारी अवैध बालू खनन के खिलाफ खनन विभाग ने सख्त कदम उठाया है। नौआबाखर गांव में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान एक जेसीबी मशीन जब्त की गई, जबकि कई ट्रैक्टर मौके से फरार हो गए।
खनन निरीक्षक मो. सहबाज अहमद के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी में टीम ने देखा कि तटबंध के भीतर बड़े पैमाने पर बालू निकासी की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में इस्तेमाल हो रही जेसीबी मशीन को कब्जे में लेकर स्थानीय थाना को सौंप दिया गया। विभाग के अनुसार जब्त जेसीबी का रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर 01 जीसी 2249 है। अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने पर वाहन मालिक पर खनन अधिनियम के तहत 10 लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है।
जुर्माने की राशि जमा होने के बाद ही वाहन को रिलीज किया जाएगा।
खनन विभाग ने बताया कि कोसी तटबंध के अंदर लगातार हो रहे अवैध बालू उठाव से नदी और तटबंध दोनों की सुरक्षा पर असर पड़ सकता है। खासकर बारिश और बाढ़ के मौसम में इससे खतरा बढ़ने की आशंका रहती है।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ नियमित अभियान जारी है। हर महीने कई ट्रैक्टर और मशीनों पर कार्रवाई की जा रही है ताकि बालू माफियाओं पर लगाम लगाई जा सके।
वहीं किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि जब्त जेसीबी को थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
कोसी तटबंध के भीतर अवैध बालू खनन पर कार्रवाई, जेसीबी जब्त कर 10 लाख का जुर्माना
May 26 2026 8:11AM
2 मिनट का रीड
332552
20





